झांसी। जीआरपी थाना, अनुभागीय स्वॉट व आरपीएफ क्राइम विंग की टीम ने बिलासपुर से चलकर नई दिल्ली जा रही छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से दो युवकों को पकड़ लिया। इनके पास से पिट्टू बैग में लाखों की चांदी के आभूषण बरामद कर लिए। सूचना पर जीएसटी विभाग की टीम भी पहुंच गई है।
पुलिस अधीक्षक रेलवे विपुल कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक श्रीवास्तव, अनुभागीय स्वॉट टीम व आरपीएफ क्राइम विंग की टीम व मय स्टॉफ के साथ झांसी स्टेशन पर संदिग्धों की तलाश कर रहे थे, तभी सूचना मिली कि बिलासपुर से चलकर दिल्ली की ओर जा रही 18237 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में सवार दो युवकों के पास बड़ी मात्रा में चांदी है। इस सूचना पर सक्रिय टीम ने ट्रेन के प्लेटफार्म पर रुकते ही पिट्टू बैग लिए दो लोगों को पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों पिता पुत्र निकले। उन्होंने अपने नाम भोपाल के थाना अशोक गार्डन स्थति शंहशाह गार्डन व पंजाब निवासी लखविन्दर और बबलीन बताया। बैग की तलाशी ली गई तो उसके अंदर नौ प्लास्टिक के डिब्बे में भिन्न प्रकार के चांदी के आभूषण रखे हुए थे। इनका वजन बीस किलो से अधिक था। टीम ने चांदी के आभूषण से संबंधित कागजात मांगे तो उन्होंने कागजात दिखाने को मना कर दिया। इसकी सूचना जीएसटी विभाग को दी गई।
थाने पहुंची जीएसटी की टीम ने चांदी के आभूषण को अपने कब्जे में ले लिए। इसकी कीमत पांच लाख से अधिक बताई जा रही है। मामला जीएसटी चोरी का बताया गया है।
इस टीम को मिली है सफलता
जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी अमित तिवारी, भास्कर शुक्ला, अनिल कुमार, अनुभागीय स्वॉट टीम प्रभारी संदीप सिंह सेंगर, मुख्य आरक्षी इमरान, आरक्षी सौरभ मिश्रा, आशीष कुमार, आरपीएफ की क्राइम विंग के सहायक उपनिरीक्षक नवीन कुमार व आरक्षी सुरेंद्र सिंह बिष्ट शामिल थे।














