तमिलनाडु एक्सप्रेस के ब्रेक वैन से गिराए इलायची के बोरे व दो अन्य चोरियों का माल बरामद

0
86

आरपीएफ व पुलिस की कार्यवाही में 5 शातिर गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त 

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में थाना सीपरी बाजार क्षेत्र में पाल कालोनी के पास रेलवे ट्रैक पर दिल्ली की ओर जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस के ब्रेक वैन से गिराए गए इलायची से भरे बोरे बरामद कर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पोस्ट आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए 5 युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद इलायची व चोरी के दो अन्य मामलों का माल की कुल कीमत करीब चार लाख उनतीस हजार रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान चोरी में प्रयुक्त वाहनों को भी जब्त किया गया।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, जितेंद्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन व निर्देशन में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी द्वारा रेल संपत्ति चोरी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चोरी की गई रेल संपत्ति बरामद की गई है।अभियुक्तों से पूछताछ एवं उनकी निशानदेही पर पूर्व में चोरी की गई रेल संपत्ति से संबंधित दो अन्य मामलों में भी चोरी का माल बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान चोरी में प्रयुक्त वाहनों को भी जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों का नाम पंकज अहिरवार निवासी ग्राम सत्तार, थाना ओरछा, जिला निवाड़ी (मध्य प्रदेश), दीनानाथ पुत्र आसाराम, जितेंद्र पुत्र भगवान दास, ओमकार पुत्र रामकिशन व दीपक वाल्मीकि निवासी गण ग्राम श्रीनगर, थाना प्रेमनगर, जिला झांसी है।

बरामदगी का विवरण

चुराई गई इलायची लगभग 400 किग्रा, होजरी लगभग 60 किग्रा, चोरी में प्रयुक्त सीएनजी ऑटो, अपाचे मोटरसाइकिल, पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद माल का अनुमानित मूल्य ₹4,29,000/- (लगभग चार लाख उनतीस हजार रुपये)

अभियुक्तों से पूछताछ के दौरान घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है। इसके आधार पर अन्य संबंधित व्यक्तियों को प्रकरण में वांछित किया गया है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उक्त कार्रवाई स्टेशन पोस्ट प्रभारी निरीक्षक योगेश राणा के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी की टीम एवं उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

बताया गया है कि झांसी से चल कर तमिलनाडु एक्सप्रेस दिल्ली की ओर जा रही थी। चलती ट्रेन की ब्रेक वैन की सील तोड़ कर बदमाशों ने पाल कॉलोनी के पास इलायची से भरे बोरे नीचे गिराए गए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद आरपीएफ झांसी स्टेशन पोस्ट सक्रिय हुई और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पोस्ट प्रभारी निरीक्षक योगेश राणा के नेतृत्व में आरपीएफ टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और आरोपियों से जुड़े सुरागों को खंगाला। इसके आधार पर चार ऐसे युवकों को पकड़ लिया जिन्होंने इलाइची चोरी सहित अन्य वारदातों को अंजाम दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here