झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्रांतर्गत घनी आबादी वाले क्षेत्र चूड़ी वाली गली में सोमवार तड़के मकान का पिछला कच्चा हिस्सा भरभरा कर जमींदोज हो गया। जिससे मलवे में दम्पति दब गए। चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग मौके पर दौड़े तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घायल पति पत्नी को मलबे से बाहर निकाल कर अपने वाहन से अस्पताल भिजवाया। जहां उपचार के दौरान पत्नी की मौत हो गई।
शहर कोतवाली थाना क्षेत्र चूड़ी वाली गली में रहने वाले टाइपिस्ट मुकेश हयारण अपनी पत्नी सरोज के साथ घर पर मौजूद थे। तीन दिन से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश से मुकेश के मकान का पिछला हिस्सा जो कच्चा बना हुआ था भरभरा कर सोमवार की सुबह गिर पड़ा। जिससे उसके मलबे में मुकेश और उसकी पत्नी सरोज दब गई। मलबे में दबने की घटना से चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाल कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जहां उपचार के दौरान पत्नी सरोज ने दम तोड़ दिया














