• भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमा व उप मुख्यमंत्री केशव होंगे शामिल
    झांसी। बुंदेलखंड कांवड़ यात्रा समिति के तत्वावधान में 7 अगस्त को प्रात: 10 बजे ओरछा धाम से विशाल कावड़ यात्रा जोशखरोश के साथ निकल कर सिद्धेश्वर मंदिर ग्वालियर रोड पर पहुंच कर विसर्जित होगी। इस यात्रा में 5001 कांवडिय़ों के साथ 5001 महिलायें मंगल कलश लेकर शामिल होंगी। कावड़ यात्रा का शुभारम्भ भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुश्री उमा भारती द्वारा पूजा अर्चना के साथ किया जाएगा।
    कांवड़ यात्रा की जानकारी देते हुए आयोजक संजीव श्रंगॠषि व संयोजक हेमंत परिहार ने बताया कि इस कांवड़ यात्रा में धार्मिक भजन बजाते 24 डीजे, चार बग्गी पर भगवान भोलेनाथ के स्वरूप, श्री राम मूर्तियां स्थापित की जाएंगी एवं एक बग्गी भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित होकर प्रदर्शनी के रूप में चलेगी। यह कांवड़ यात्रा जब ओरछा से होते हुए जेल चौराहा पहुंचेगी वहां 5001 महिलाएं कलश लेकर कावड़ यात्रा का स्वागत कर यात्रा में सम्मिलित हो जाएंगी। जेल चौराहे के पास स्थित पुलिस ग्राउंड पर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमा भारती एवं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य संतों का सम्मान एवं भोलेनाथ के भक्तों को संबोधित करेंगे। कांवड़ यात्रा का मुख्य आकर्षण श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर द्वारा पुष्प वर्षा रहेगी। यात्रा जेल चौराहे से इलाइट चौराहा होते हुए ग्वालियर रोड पर सिद्धेश्वर मंदिर पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर समाप्त होगी। संपूर्ण यात्रा में 30 स्थानों को सुनिश्चित कर कावडय़िों और श्रद्धालुओं के स्वागत की व्यवस्था की गयी है। इलाइट चौराहा पर विशेष स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।
    जनप्रतिनिधि और धर्माचार्य होंगे सम्मिलित
    उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा में काफी संख्या में जनप्रतिनिधि और धर्माचार्य शामिल होंगे जिसमें धर्माचार्यों में मुख्य रूप से सिद्धेश्वर मंदिर के पीठाधीश्वर आचार्य हरिओम पाठक, सखी के हनुमान मंदिर के आचार्य मोहन दास, ओरछा मंदिर के महंत, चांदमारी मंदिर से लल्लन महाराज, कुंज बिहारी मंदिर के महंत, गुरुद्वारा सीपरी बाजार के प्रमुख, मनोज थापक, हरिओम थापक, विनोद चतुर्वेदी, महंत विष्णुदत्त स्वामी आदि शामिल होंगे। जनप्रतिनिधियों में मानवेंद्र सिंह चौहान क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा, सांसद अनुराग शर्मा, सांसद वीरेंद्र खटीक टीकमगढ़, सांसद पुष्पेंद्र चंदेल महोबा हमीरपुर, मंत्री मनोहर लाल पंत महरौनी, महापौर रामतीर्थ सिंघल, सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, गरौठा विधायक जवाहर सिंह राजपूत, मऊरानीपुर विधायक बिहारीलाल आर्य, खरगापुर विधायक राहुल सिंह, महोबा विधायक राकेश गोस्वामी, पूर्व मंत्री रविन्द्र शुक्ला के साथ हरगोविंद कुशवाहा और कुंवर मानवेंद्र सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे। पत्रकार वार्ता में यात्रा समिति के अभिषेक सोनकिया, अंकित राय, निशांत शुक्ला, नीरज सिंह, गोविन्द परिहार, शिवा झा, सचिन मिश्रा, निर्मल कुशवाहा, मोण्टी सेंगर, कल्पना सेंगर, नीलम सक्रैया, कामना श्रीवास्तव, सनी यादव, कपिल, पिंकी कोस्टा आदि उपस्थित रहे।