युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या
झांसी। गुरुवार सुबह रक्सा के खाच मोहल्ले में घर में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने आत्महत्या से 21 घंटे पहले सोशल मीडिया पर एक स्टेटस पोस्ट किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रक्सा थाना क्षेत्र अंतर्गत खाच मौहल्ला निवासी वीर सिंह राजपूत का पुत्र पंकज राजपूत बुधवार रात 8 बजे घर आया और खाना खाने के बाद वह ऊपर के कमरे में चला गया। सुबह करीब 8:30 बजे वह गुटखा लेने दुकान गया और वापस आकर अपने दो मंजिला मकान में मफलर से फांसी लगा ली।
घटना का पता तब चला जब उसकी मां सिरकुंवर उसे खाने के लिए बुलाने गईं। उन्होंने पंकज को छत पर लगे कुंडे से लटका देखा। परिजनों ने तुरंत रक्सा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
आत्महत्या से 21 घंटे पहले पंकज ने अपनी फेसबुक स्टोरी पर दो पोस्ट किए थे। एक पोस्ट में लिखा था, “खामोशी ही साथी है।” दूसरी स्टोरी में उसने अपने दोस्त की फोटो के साथ लिखा था, “हर्ष बाबा मिस यू, तेरा भाई कल तेरे पास नहीं रहेगा, तू रोने के लिए आ जाना।” पंकज ने किन परिस्थितियों में मौत को गले लगाया स्पष्ट नहीं है, पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।














