बंद मकान में सड़ रहे थे बुजुर्ग दम्पति के शव

0
93
Oplus_16908320

किराएदार पर संदेह, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी 

झांसी। थाना सीपरी बाजार क्षेत्र अंतर्गत पहूज नहर के पास गोविन्दपुरी में बंद मकान में शनिवार देर शाम बुजुर्ग दंपती के बड़े शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव करीब चार-पांच दिन पुराने बताए जा रहे हैं। शवों को पोस्टमार्टम हेतु भेज कर पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

दरअसल, सीपरी बाजार के मसीहागंज निवासी जगतपाल 30 अगस्त की देर सायं पहूज नहर के पास गोविन्दपुरी में स्थित मकान में रहने वाले अपने पिता विश्वनाथ (70) व मां भुवन देवी (65) से मिलने पहुंचा, किंतु मुख्य गेट अंदर से बंद मिलने पर उसने आवाज लगाई और दरवाजा पीटा, किंतु कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इस पर वह दरवाजा के ऊपर बने वेंटिलेशन के रास्ते अंदर दाखिल हुआ तो एक कमरे में माता-पिता के शव पड़े मिले। सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल के साक्ष्य संकलित कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मौत की वजह जानने के लिए जांच कर रही है।

जगतपाल ने बताया कि उनके मकान में निर्माण कार्य भी चल रहा था। वह 25 अगस्त को माता-पिता से मिलने घर आया था। उस समय दोनों स्वस्थ थे। इसके बाद शनिवार शाम वह दोबारा माता-पिता से मिलने पहुंचा। मकान का मुख्य गेट अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर जगपाल मुख्य दरवाजे के ऊपर बने वेंटिलेशन के रास्ते मकान के अंदर दाखिल हुआ। एक कमरे में माता-पिता के शव पड़े थे। दोनों के शव फूल चुके थे और दुर्गंध आ रही थी। इसके बाद उसने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एसपी सिटी प्रीति सिंह, सीओ सिटी रामवीर सिंह और सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए।

मौके पर पहुंचे आईजी आकाश कुलहरि के अनुसार, प्रथम दृष्टया दोनों शव करीब चार से पांच दिन पुराने प्रतीत हो रहे हैं। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। जगतपाल ने किराएदार पर संदेह व्यक्त किया है जो लापता हैं। पुलिस उसका फ़ोन ट्रेस कर रही है।

25 अगस्त के बाद क्या हुआ, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस 25 अगस्त को जगपाल के माता-पिता से मिलने के बाद शनिवार तक घर में हुई गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है। एसपी सिटी ने बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here