झांसी। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेल परिचालन के दौरान सतर्कता, सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा से उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा सुरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में सम्मानित कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सुरक्षा प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। कर्मचारियों द्वारा रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने, ड्यूटी के दौरान असाधारण सतर्कता बरतने तथा गाड़ी संचालन के दौरान पाई गई अनियमितताओं पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई करने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि रेल संचालन में सुरक्षा सर्वोपरि है और कर्मचारियों की सतर्कता एवं सजगता ही सुरक्षित रेल परिचालन की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से इसी प्रकार पूरी निष्ठा, सावधानी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
सम्मानित कर्मचारियों में राम प्रकाश यादव उप. स्टेशन प्रबंधक/बाँदा, अतुल तिवारी उप. स्टेशन प्रबंधक/परौना, हस्ती राम मीना उप. स्टेशन प्रबंधक/दतिया, रामबाबू वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर/बाँदा, शिव चरण वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर/ग्वालियर, प्रदीप कुमार तिवारी वरिष्ठ गुड्स ट्रेन मैनेजर/बाँदा, रौशन कुमार पॉइंट्स मेन (ए)/बसई, मिथिलेश कुमार सिंह पॉइंट्स (ए)/चित्रकूट धाम कर्वी, गौरव झा पॉइंट्स मेन (ए)/खजराहा, गौरव सिंह पॉइंट्स मेन (ए)/शिवरामपुर, नसीम मुहम्मद पॉइंट्स मेन (ए)/कालपी, अमित कुमार पॉइंट्स मेन (ए)/ कोटरा, शैलेन्द्र मीना पॉइंट्स मेन (बी)/संदलपुर शामिल रहे।














