जीआरपी ने बरामद किए यात्रियों के 54 लाख के 360 गुम मोबाइल फोन 

0
30
Oplus_16908288

कॉल डिटेल-सीसीटीवी और लोकेशन ट्रैकिंग से चला ऑपरेशन

झांसी। यात्रियों के गुम मोबाइल फोन की तलाश में जीआरपी अनुभाग झांसी की सर्विलांस टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। तकनीकी संसाधनों और मैदानी जांच के सहारे टीम ने 360 गुम मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये है। बरामद मोबाइल फोन जब उनके वास्तविक मालिकों को वापस लौटाए तो उनके चेहरे खिल उठे।

पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव और पुलिस उपाधीक्षक सलीम ख़ान ने पत्रकार वार्ता में बताया कि गुम मोबाइलों की बरामदगी के लिए सर्विलांस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए मोबाइलों की गतिविधियों और संभावित स्थानों का पता लगाया गया। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर भौतिक जांच और निगरानी कर मोबाइलों को ट्रेस किया गया।

एक-एक सुराग जोड़कर मोबाइल तक पहुंची टीम

सर्विलांस टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर संभावित स्थानों को चिह्नित किया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और कॉल डिटेल के आधार पर मोबाइलों की गतिविधियों का पता लगाया गया। तकनीकी इनपुट मिलने के बाद टीम ने संबंधित स्थानों पर पहुंचकर सत्यापन किया और लगातार प्रयासों के बाद गुम मोबाइलों को बरामद कर लिया।

कहां से कितने मोबाइल बरामद

अभियान के तहत बांदा से 63, महोबा से 33, ललितपुर से 36, उरई से 30, झांसी से 141, भीमसेन से एक, कर्वी से 35 और मानिकपुर से 21 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 360 मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये है।

मोबाइल वापस मिला तो खिले चेहरे

जिन खोये मोबाइल फोन के मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे वह वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। कई लोगों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल दोबारा मिल पाएगा। मोबाइल में सुरक्षित जरूरी संपर्क, फोटो, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण डाटा वापस मिलने से लोगों को बड़ी राहत मिली। मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने जीआरपी की कार्रवाई की सराहना की।

सर्विलांस टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस कार्रवाई में बृजेन्द्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक, सर्विलांस सेल, जीआरपी अनुभाग झांसी के नेतृत्व में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में मुख्य आरक्षी जगदीश चंद्र, आरक्षी आकाश गंगवार, आरक्षी दिनेश कुंतल तथा आरक्षी ठाकुर प्रसाद, सर्विलांस सेल, जीआरपी अनुभाग झांसी शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here