कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता गौरव जैन के नेतृत्व छेड़ा संघर्ष
झांसी। 26 वर्षों से गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहे आई टी आई के पीछे खालसा स्कूल के पास स्थित इंदिरा कालोनी एवं गुजराती बस्ती के लोगों के सब्र का बांध आज टूट गया। क्षेत्र की महिलाएं कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता गौरव जैन के नेतृत्व में जल निगम कार्यालय पहुंचकर मटके फोड़कर विरोध जताया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि चुनाव के दौरान कई बार पाइप लाइन और नियमित जलापूर्ति के वादे किए गए थे। लेकिन हर बार आश्वासन के बावजूद समस्या जस की तस बनी रही। इस क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही इस समस्या को लेकर 31 अगस्त को कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश प्रवक्ता गौरव जैन के नेतृत्व में गुजराती बस्ती पहुंचा था। जहां प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों के समक्ष मुद्दा उठाने का आश्वासन दिया था।
इसी के चलते बुधवार को बस्ती की सैकड़ों महिलाएं व क्षेत्रवासी जल निगम कार्यालय पहुंचे और मटके फोड़कर जोरदार एवं उग्र विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि बस्ती में तत्काल स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जाए तथा स्थायी समाधान के लिए पाइप लाइन बिछाई जाए।क्षेत्रवासियों ने बताया कि लंबे समय से उन्हें गंदे एवं प्रदूषित पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि दूषित पानी के कारण बस्ती में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, लगभग छह माह की उम्र के बच्चों तक में मुंह में छाले जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं, वहीं कई लोगों, विशेषकर बुजुर्गों ने किडनी स्टोन की समस्या होने की शिकायत की है। क्षेत्रवासियों ने पानी की गुणवत्ता की तत्काल जांच कराने और लोगों के स्वास्थ्य की जांच कराने की भी मांग की।
प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही बस्ती का सर्वे कराया जाएगा और सर्वे के बाद पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू कराया जाएगा। इसके बाद क्षेत्रवासियों ने जल संस्थान कार्यालय का भी घेराव किया। जल संस्थान के अधिकारियों ने तत्काल वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद बस्ती में टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति शुरू कर दी गई, जिससे क्षेत्रवासियों को तत्काल राहत मिली। हालांकि, लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यह केवल अस्थायी व्यवस्था है और उनका संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक बस्ती में स्थायी पाइप लाइन नहीं बिछाई जाती।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि एक महीने के भीतर पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया और पाइप लाइन बिछाने की ठोस कार्रवाई शुरू नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता गौरव जैन, महानगर महासचिव दिनेश कुमार वर्मा, पूर्व NSUI अध्यक्ष नफीश मकरानी, यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव शेखर नलवंशी, यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव शाहरुख मंसूरी, यूथ कांग्रेस शहर अध्यक्ष आसिफ, खालिद एवं गुजराती बस्ती के निवासी राखी, रेखा, सुनीता, किरण, गुड्डी, लीला, कविता, मधु, राधा, मीरा और शकुंतला सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।














