नशे में विवाद पर युवक का अपहरण, पुलिस ने 7 घंटे में दो आरोपियों को दबोचा

0
31

झांसी। झांसी पुलिस ने नशे में हुए विवाद से युवक का कार से अपहरण करने की घटना का झांसी पुलिस ने महज सात घंटे में खुलासा कर दिया। थाना सीपरी बाजार पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अपहरण के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत युवक को सकुशल बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन (UP 32 LU 3798 हुण्डई वेन्यू सफेद रंग) को भी कब्जे में ले लिया है।

पुलिस लाइन सभागार में एसपी सिटी प्रीति सिंह ने मीडिया को बताया कि 6 सितंबर की रात यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि विकास गुप्ता निवासी पंचवटी कोतवाली का कुछ लोगों ने चार पहिया वाहन से अपहरण कर लिया है। सूचना मिलते ही थाना सीपरी बाजार पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया।

पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब सात घंटे के भीतर घटना का सफल अनावरण कर दिया। इस मामले में रवि यादव निवासी अयोध्यापुरी कॉलोनी, थाना सीपरी बाजार और विनय यादव निवासी महेंद्रपुरी कॉलोनी, थाना सीपरी बाजार को गिरफ्तार कर अपहृत विकास गुप्ता निवासी पंचवटी, शकुन सेठानी वाली गली, थाना कोतवाली को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

नशे की हालत में हुई थी कहासुनी

एसपी सिटी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना वाले स्थान पर रवि यादव और विनय यादव पहले से मौजूद थे। इसी दौरान विकास गुप्ता अपनी गाड़ी से वहां पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बताया गया कि उस समय संबंधित लोग नशे की हालत में थे। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने विकास को अपनी कार में बैठाया और वहां से ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और सात घंटे के भीतर आरोपियों तक पहुंचकर युवक को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस विभाग से जुड़े व्यक्ति के नाम पर है गाड़ी !

एसपी सिटी के अनुसार जिस कार नं0 UP 32 LU 3798 हुण्डई वेन्यू सफेद रंग से अपहरण की घटना को अंजाम दिया गया, वह गिरफ्तार आरोपियों के नाम पर पंजीकृत नहीं है। वाहन हरेंद्र के नाम पर बताया जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि उक्त व्यक्ति कौन है और उसका पुलिस विभाग से कोई संबंध है अथवा नहीं।

रोड रेज और गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं होगी: एसपी सिटी

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने मामूली कहासुनी के बाद युवक के अपहरण जैसी घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा कि झांसी जनपद में रोड रेज अथवा आपसी विवाद के नाम पर गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here