गोताखोरों द्वारा तलाश जारी
झांसी। मंगलवार सुबह बेतवा नदी के तेज बहाव में नाव पलटने से मछली पकड़ने गए दो सगे भाई डूब कर बह गए। गोताखोरों ने तलाश जारी है, सुराग़ नहीं मिला है ।
बरुआसागर थाना क्षेत्र के कटरा मोहल्ला निवासी राजू के पुत्र महेंद्र (30) और मनीष (26) मंगलवार सुबह करीब 8 बजे मछली पकड़ने नाव लेकर बेतवा नदी में पहुंचे थे। उधर मध्य प्रदेश में लगातार बारिश के कारण बेतवा नदी का बहाव तेज था। इसके बावजूद दोनों भाई नाव लेकर नदी में उतर गए। कुछ दूर जाने के बाद तेज बहाव में नाव पलट गई।
दोनों भाइयों को तैरना आता था, लेकिन तेज बहाव के कारण वे खुद को संभाल नहीं सके और पानी में बह गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक तलाश के बाद भी दोनों का कोई पता नहीं चला। अब पुलिस ने दोनों भाइयों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की फ्लड यूनिट से मदद मांगी है। खबर लिखे जाने तक नदी में दोनों की तलाश जारी है।














