ग्वालियर की अनूसूचित जाति की युवती की रिपोर्ट दर्ज, मेडिकल परीक्षण कराया
झांसी। झांसी के रेलवे टिकट निरीक्षक द्वारा ग्वालियर मप्र निवासी अनुसूचित जाति की युवती को झांसी में रेलवे स्टाफ क्वार्टर में बंद कर बलात्कार कर जान से मारने की धमकी देने का मामला उजागर हुआ है। इस मामले में पीड़िता के काफी चक्कर लगाने के बाद भी जब कारवाई नहीं हुई तब पीड़िता ने डीआईजी से गुहार लगाई। इसके बाद थाने में आरोपी टीसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ग्वालियर मध्यप्रदेश के रेशम मिल हजीरा निवासिनी होकर अनुसूचित जाति कोली की महिला ने बताया कि ग्वालियर निवासी रेलवे टिकट निरीक्षक मनोज गुप्ता व उसके परिवारजन से 15-16 वर्ष से परिचय है। 12 अगस्त 2026 को पीड़िता के मोबाईल फोन पर मनोज गुप्ता ने अपने मोबाईल नम्बर-से फोन लगाया और कहा कि झांसी वाले घर में बर्थडे पार्टी है व परिवार वाले आ गए हैं आप भी आ जाओ तो वह उनके कहने पर ग्वालियर से झांसी आ गयी।
झांसी स्टेशन पहुंचने पर मनोज गुप्ता गाड़ी लेकर उसे दिन के लगभग 01 बजे पंजाब मेल पर लेने खुद आ गये। यहां से उसे मोटरसाइकिल से अपने रेल्वे क्वार्टर पर लेकर गये। वहां पर परिजनों के नहीं दिखाई देने पर जब पीड़िता ने कहा यहां तो कोई नहीं है तो आरोपी गुप्ता कहने लगा आने ही वाले हैं और मेरे साथ हाथापाई करने लगा ।
इस पर पीड़िता ने कहा कि वह तो उसे अपना बड़ा भाई मानती है। उसने आपको ऐसा कभी नहीं समझा लेकिन वह नहीं माना और उसे जबरन जमीन पर पटक लिया व दो बार उसकी इच्छा के विरुद्ध गलत काम (बलात्कार) किया और कहने लगा कि अगर तुमने यह बात किसी से कही तो मैं तेरी हत्या करवा दूंगा और मुझे अपनी गाड़ी पर बिठाकर स्टेशन तक छोड़ कर चला गया।
इसके बाद पीड़िता इटावा एक्सप्रेस से ग्वालियर आयी और उसने अपने साथ घटित घटना अपने पति को बतायी तो उन्होंने चांटे मारे और तमाम भला-बुरा कहा और पुलिस रिपोर्ट के लिए कहा। इसके बाद पीड़िता ने थाना प्रेमनगर जाकर चिकित्सीय परीक्षण कराने व आरोपी मनोज गुप्ता के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही करने करने संबंधी प्रार्थना पत्र दिया। इस पर कार्रवाई नहीं होने व टाल-मटोल करने पर पीड़िता ने डीआईजी को प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया गया।














