झांसी/प्रयागराज। झांसी की थाना नवाबाद पुलिस टीम ने प्रयागराज जंक्शन के रेस्ट रूम से मरीना नामक युवती को गिरफ्तार कर झांसी न्यायालय में प्रस्तुत किया है। उस पर झांसी आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट जितेंद्र कुमार शर्मा और उनके परिवार को आपत्तिजनक एडिटेड तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और ब्लैकमेल करने का आरोप है।
लंबे समय से ब्लैकमेलिंग: आरोपी महिला पिछले करीब 6 महीने से रेल अधिकारी और उनके परिवार को वॉट्सऐप व फोन के जरिए ब्लैकमेल कर रही थी। अधिकारी की पत्नी अंकिता भारद्वाज द्वारा झांसी के नवाबाद थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक, आरोपी महिला 2 जून को उनके सरकारी आवास पर भी पहुंच गई थी और वहां जाकर धमकी दी थी।
एडिटेड फोटो का इस्तेमाल: आरोप है कि महिला ने 31 जुलाई को रेल अधिकारी की एक आपत्तिजनक एडिटेड फोटो उनकी पत्नी के वॉट्सऐप पर भेजी और परिवार की अन्य महिलाओं की तस्वीरें भी वायरल करने की धमकी देकर 15 लाख रुपये की मांग की। बुधवार दोपहर को जब झांसी पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी महिला कहीं भागने की फिराक में प्रयागराज जंक्शन पर मौजूद है, तो पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर जंक्शन के रेस्ट रूम से उसे दबोच कर दो मोबाइल फोन व एक लेपटाप बरामद कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद महिला को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए थाना खुल्दाबाद प्रयागराज लाया गया। इसके बाद आरोपी महिला को ट्रांजिट रिमांड पर झांसी लाया गया। झांसी में नवाबाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
अब पुलिस खंगालेगी मोबाइल और डिजिटल सबूत
मरीना मूल रूप से कर्नाटक की रहने वाली बताई जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वह रेल अधिकारी के संपर्क में कैसे आई और दोनों के बीच बातचीत की शुरुआत कब और किस माध्यम से हुई। पुलिस इस कड़ी को खंगालेगी। परिवार की ओर से यह आशंका भी जताई गई है कि मरीना अकेले इस पूरे मामले को अंजाम नहीं दे रही थी। पुलिस उसके मोबाइल फोन, व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल, यूपीआई लेनदेन समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच करेगी। इससे यह पता लगाने की कोशिश होगी कि कथित ब्लैकमेलिंग में कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।














