झांसी मंडल परिक्षेत्र के सांसदों की बैठक में जन सरोकारों व रेलवे के विकास कार्यों पर हुई चर्चा
ओरछा मप्र। ओरछा में उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मण्डल के सांसदों एवं उनके सम्मानित प्रतिनिधियों के साथ महाप्रबंधक की उच्च स्तरीय एवं महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन सांसद झांसी ललितपुर अनुराग शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य झांसी रेल मण्डल की हालिया उपलब्धियों को साझा करना, इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास की समीक्षा करना तथा जनप्रतिनिधियों से बहुमूल्य सुझाव प्राप्त कर रेल विकास योजनाओं को नई दिशा देना रहा।
इस अवसर पर अपने उदबोधन में महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह ने कहा कि, हमने अपनी रेलवे की कार्यप्रणाली में लाइन क्षमता की वृद्धि, यात्री सुविधाओं में सुधार एवं उन्नयन, गाड़ियों का संरक्षित संचालन, कर्मचारी कल्याण, पर्यावरण की संरक्षण के लिए हरित पहल की दिशा में विशेष कदम उठाए हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और इसे मजबूत बनाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं।
पिछले कुछ वर्षों से एक बहुत ही सकारात्मक बदलाव आया है, रेल की विभिन्न परियोजनाएं जो वर्षों तक पर्याप्त फ़ंड की अनुपलब्धता के कारण रुक जाते थे, उन कार्यों को करने हेतु सरकार द्वारा अब पर्याप्त फंड भी उपलब्ध कराया जा रहा है, साथ ही उच्चतम स्तर से प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग होने से प्रोजेक्ट पूर्ण होने में तेज़ी आई है। साथ ही भारतीय रेल अपनी कार्यप्रणाली में इनोवेशन और आधुनिक तकनीक का कारगर प्रयोग कर रहे हैं। हम अपने सम्मानित यात्रियों, रेल उपयोगकर्ताओं और आमजन की अपेक्षाओं को पूरा कर सकें, इस हेतु एआई आधारित रेल मदद पोर्टल (139) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि, झांसी मण्डल, भारतीय रेल के एक महत्वपूर्ण अंग के रूप में रेल की सेवा में निरंतर तत्पर है। यह मंडल उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के महत्वंपूर्ण हिस्सों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने का कार्य कर रहा है। मंडल की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए श्री सिंह ने बताया कि, वित्त वर्ष 2025-26 में कुल आरंभिक यात्री संख्या लगभग 4.58 करोड़ रही, यात्री आय के रूप में 1016 करोड़ रुपये और माल लदान से लगभग 947.15 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई।
उन्होंने बताया कि जनमानस की मांग को ध्यान में रखते हुए 2025-26 से अब तक 14 जोड़ी गाड़ियों को मंडल के 10 विभिन्न स्टेशनों पर 14 नए ठहराव प्रदान किये गए । इसके अतिरिक्त मेला, समर, त्योहार एवं परीक्षा विशेष सहित कुल 648 विशेष ट्रिप संचालित किए गए तथा 14 जोड़ी विशेष गाड़ियों का संचालन किया गया। वंदे भारत सहित 02 जोड़ी नई गाड़ियों का संचालन प्रारम्भ किया गया। वहीं 04 जोड़ी MEMU ट्रेनों को 8-कार से बढ़ाकर 12-कार किया गया।
स्टेशन री-डेव्लपमेंट एवं अमृत स्टेशन के विषय में चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि झांसी मण्डल में कुल 3 प्रमुख रेलवे स्टेशन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, ग्वालियर जंक्शन एवं खजुराहो को स्टेशन रीडेवलेपमेंट प्लान के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त झांसी मण्डल में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत शामिल 16 स्टेशनों में से 6 स्टेशनों का कार्य पूर्ण कर लिया गया है एवं शेष का कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा।
इन्फ्रास्ट्रक्चर की चर्चा करते हुए सूचित किया कि, इसकी वृद्धि के तहत झाँसी मण्डल द्वारा 93 किमी. की रेलवे लाईन बिछाई गयी और 20 ब्लॉक सेक्शनों में 157.67 KM इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग आधारित ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली सफलतापूर्वक चालू की गई। कुल 68.5 KM में कवच प्रणाली का सफल कमीशनिंग किया गया, जिससे ट्रेन संचालन की सुरक्षा एवं विश्वसनीयता में वृद्धि हुई।
उन्होंने सांसदगणों को आश्वस्त किया कि उनसे प्राप्त बहुमूल्य् सुझावों पर गंभीरता से अध्यन किया जायेगा तथा झांसी मण्डल के स्तर पर इन सुझावों को रेल विकास योजनाओं एवं यात्री सुविधाओं में शामिल किया जायेगा। यदि कोई सुझाव क्षेत्रीय रेलवे के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है, तो प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड एवं अन्य जोनों में भेजा जाएगा।
इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा द्वारा झांसी मंडल में किए जा रहे विकास कार्यों पर एक पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण किया। इसके बाद सांसद एवं शेष सांसद प्रतिनिधियों द्वारा सुझाव एवं मांगें रखी गईं। इनमें मुख्यत: आम जनता के सरोकारों के विषय थे जिनमें नई ट्रेन सेवाएं, ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी एवं ठहराव, प्रमुख स्टेशनों का पुनर्विकास एवं यात्री सुविधाओं का विस्तार, रेल अवसंरचना एवं नेटवर्क क्षमता में वृद्धि, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं स्टेशन परिसर व्यवस्था, बुनियादी यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता एवं रखरखाव आदि प्रमुख रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए झांसी – ललितपुर से सांसद अनुराग शर्मा ने झांसी मंडल के साथ ही भारतीय रेल में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने रेल्वे की जमीन का उचित उपयोग जाने, ललितपुर स्टेशन का विकास जल्द पूर्ण किए जाने के साथ बरुआसागर स्टेशन पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस का ठहराव, फाटक संख्या 367, 369 और 341 के कार्य को जल्द करने का सुझाव दिया। लखनऊ इंटरसिटी को ललितपुर तक विस्तारित करने व बीडा से नई रेल लाइन को जोड़ने, भोपाल से लखनऊ स्लीपर वन्दे भारत एक्सप्रेस और बुंदेलखंड सर्किट ट्रेन फॉर टूरिज्म के उद्देश्य से संचालित का भी बहुमूल्य सुझाव दिया। इसके साथ ही काशी से झांसी के बीच वंदे भारत ट्रेन के नवीन संचालन की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई, जिससे बुंदेलखंड क्षेत्र के यात्रियों को काशी सहित अन्य प्रमुख शहरों तक तेज एवं सुविधाजनक रेल संपर्क उपलब्ध हो सके। उन्होंने झांसी ललितपुर में वाशिंग पिट के शीघ्र निर्माण तथा निर्माणाधीन रेलवे स्टेशनों के कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे की आधारभूत संरचना जितनी मजबूत और आधुनिक होगी, क्षेत्र के विकास को उतनी ही गति मिलेगी। उन्होंने कुलियों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने पर गंभीरता से विचार करने पर जोर दिया।
उन्होंने झांसी ललितपुर में वाशिंग पिट के शीघ्र निर्माण तथा निर्माणाधीन रेलवे स्टेशनों के कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे की आधारभूत संरचना जितनी मजबूत और आधुनिक होगी, क्षेत्र के विकास को उतनी ही गति मिलेगी।
सांसद भिंड दतिया संध्या राय ने बसई स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव के साथ भिंड को राष्ट्रीय राजधानी से जोड़ने के लिए नई रेल सेवा का सुझाव दिया। सांसद उरई जालौन नारायण दास अहिरवार ने उरई से नई दिल्ली को जोड़ने और कोंच से कानपुर को सीधे जोड़ने का सुझाव दिया। सांसद मुरैना शिवमंगल सिंह तोमर ने गोवा एक्सप्रेस, गतिमान आदि ट्रेन का मुरैना स्टेशन पर ठहराव के साथ ग्वालियर से श्योपुर कला आमान परिवर्तन का कार्य शीघ्र पूरा कर ट्रेन संचालन का सुझाव दिया।
सांसद बांदा कृष्णा देवी शिवशंकर पटेल ने अतर्रा स्टेशन के विकास और चित्रकूट धाम कर्वी से रामेश्वरम नई ट्रेन का सुझाव दिया। राज्य सभा सांसद महेश केवट ने ओरछा स्टेशन से गतिमान एक्सप्रेस और ताज एक्सप्रेस का संचालन का सुझाव दिया। इसके साथ ही सांसद टीकमगढ़, खजुराहो, ग्वालियर, महोबा, सागर के साथ सांसद राज्य सभा के प्रतिनिधियों ने भी अपने बहुमूल्य सुझावों को दिया। रेल प्रशासन द्वारा सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर उन पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
बैठक का संचालन उप महाप्रबंधक/सामान्य अतुल मिश्रा ने किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक झांसी अनिरुद्ध कुमार एवं उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के सभी प्रधान विभागाध्यक्ष एवं मंडल के शाखाधिकारीगण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा किया गया।














