• झांसी स्टेशन पर पांच दर्जन नमूने संग्रहीत
    झांसी। उमरे के झांसी मंडल में स्वच्छता पखवारे के अंतर्गत खानपान में साफ सफाई के महत्व को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ आहार दिवस आज भी मनाया गया। इसके तहत स्टेशनों पर उपलब्ध सभी खानपान इकाइयों व मंडल से गुजरने वाली सभी रेलगाडिय़ों का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गाडियों के पैंट्री कार में बनाये जा रहे खाने की गुणवत्ता एवं साफ सफाई का जायजा लिया गया। स्टेशन पर रिफे्रशमेण्ट रूम, विभिन्न खानपान स्टालों, फूड प्लाजा व फूड ट्रालियों पर भी खाने की गुणवत्ता का निरीक्षण किया गया। इसके साथ-साथ सभी खानपान इकाइयों पर एवं उनके आस पास सफाई व्यवस्था बनाये रखने के लिए यात्रियों एवं वेंडर्स को जागरुक भी किया गया। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक पीके जैन द्वारा खाने-पीने की सामग्री की गुणवत्ता की जांच हेतु पांच दर्जन पदार्थों के नमूने संग्रहीत किए। यह नमूने जांच हेतु केन्द्रीय प्रायोगशाला भेजे जाएंगे। निरीक्षण झांसी स्टेशन पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वाईएस अटारिया, मुरैना व ग्वालियर स्टेशनों पर मंडल विद्युत अभियंता आरके बघेला एवं मंडल के अन्य सभी स्टेशनों जैसे बाँदा, चित्रकूट धाम कर्वी, महोबा, ललितपुर एवं उरई आदि पर भी विभिन्न अधिकारियों के नेतृत्व में इस अभियान को सफलतापूर्वक संचालित किया गया। झांसी स्टेशन पर स्टेशन डायरेक्टर आरआर राजपूत, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक पीके जैन, चीफ कामर्शियल इंस्पेक्टर विनय कुमार, सीटीआई स्टेशन रवि शुक्ला, हेड टीसी नगरिया आदि उपस्थित रहे।