यात्री वेटिंग रुम में बलात्कार व मारपीट !

0
204
Oplus_16908288

लोको पायलट पति से चल रहा मुकदमा, आरोपों की सीओ जीआरपी द्वारा जांच

झांसी। इलाहाबाद हाईकोर्ट से मुकदमा की तारीख करके 15 सितंबर को वापस लौट रही एक युवती ने अपने ही लोको पायलट पति पर मानिकपुर वेटिंग रुम में बलात्कार व मारपीट करने का आरोप लगाया है। युवती ने जीआरपी थाने में पति के खिलाफ तहरीर दी है। एसपी रेलवे के आदेश पर सीओ जीआरपी द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

ललितपुर निवासी महिला का कहना है कि उसका लोको पायलट पति से वैवाहिक विवाद को लेकर हाईकोर्ट में मामला चल रहा है। 15 सितंबर को हाईकोर्ट में मिडिएशन के बाद वह प्रयागराज से ट्रेन से लौट रही थी। पति ने प्रयागराज से ही उसका पीछा करते हुए मानिकपुर स्टेशन पर बात करने के बहाने उसे ट्रेन से उतारा और वेटिंग रूम के बेबी फीडिंग रूम में ले जाकर जबरदस्ती की।

इस घटनाक्रम के बाद महिला ने मानिकपुर जीआरपी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी, लेकिन वहां उसकी सुनवाई नहीं हुई। मामला झांसी जीआरपी के एसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव के संज्ञान में आने के बाद महिला को शनिवार को झांसी बुलाया गया। यहां उसके बयान दर्ज किए गए। पुलिस अब स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्य जुटा रही है।

महिला ने बताया कि उसकी शादी 25 जून 2023 को मध्यप्रदेश के सतना जिले के रहने वाले रेलवे लोको पायलट से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पति उसे अपने साथ किराए के कमरे में ले गया। महिला का आरोप है कि इसी दौरान पति का दूसरी महिला से संबंध होने की जानकारी हुई। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि पति ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह मायके में रह रही थी।

महिला का कहना है कि कुछ समय बाद पति ने उसे दोबारा साथ रखने की बात कही तो वह उसके साथ चली गई। आरोप है कि इसके बाद भी पति ने उसके साथ मारपीट की। इसी विवाद को लेकर उसने पति के खिलाफ न्यायालय में मामला दर्ज कराया। बाद में मामला हाईकोर्ट पहुंच गया। 15 सितंबर को हाईकोर्ट में दोनों के मामले में मिडिएशन होना था। मिडिएशन के दौरान पति ने मामले में निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए कुछ समय मांगा। इसके बाद महिला ट्रेन से झांसी लौट रही थी।

महिला का आरोप है कि जब वह प्रयागराज जंक्शन पहुंची तो उसका पति भी वहां पहुंच गया। वह उसके कोच में आकर बैठ गया और उससे बात करने लगा। महिला के मुताबिक पति ने कहा कि वह उसे कोर्ट के जरिए अपने साथ रखने के लिए तैयार है। आरोप है कि ट्रेन के मानिकपुर पहुंचने पर पति ने बातचीत के बहाने उसे भी ट्रेन से उतार लिया। महिला के अनुसार वह मानिकपुर स्टेशन के लेडीज वेटिंग रूम में जाकर बैठ गई। आरोप है कि पति भी वहां पहुंच गया और उससे शारीरिक संबंध बनाने की बात कही। महिला का कहना है कि विरोध करने के बावजूद पति ने उसके साथ जबरदस्ती की। इसके बाद जब उसने पति से साथ ले जाने के लिए कहा तो वह मौके से चला गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here