ऑन स्पॉट ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में जेन अल्फा ने दिखाया हुनर
झांसी। महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा जया शर्मा के निर्देशन में उमरे, झांसी मंडल में कार्यरत अराजपत्रित रेल कर्मचारियों के बच्चों के लिए ऑन स्पॉट ड्राइंग व पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। झांसी मंडल के पांच शहरों झांसी, ग्वालियर, बांदा, ललितपुर एवं उरई में आयोजित प्रतियोगिता में जेन अल्फा पीढ़ी के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता और हुनर का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों में आयोजित की गई। प्रथम वर्ग में 6 से 9 वर्ष, द्वितीय वर्ग में 10 से 12 वर्ष तथा तृतीय वर्ग में 13 से 15 वर्ष के बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के लिए ड्राइंग शीट संगठन की ओर से उपलब्ध कराई गई। प्रतियोगिता के प्रारंभ में रेलवे बोर्ड से प्राप्त सीलबंद लिफाफा संगठन की उपाध्यक्षा शिल्पी शुक्ला द्वारा खोला गया और प्रत्येक आयु वर्ग के लिए निर्धारित विषयों की जानकारी दी गई।
प्रथम आयु वर्ग के बच्चों के लिए ‘फलों की टोकरी’, ‘रेलगाड़ी’ एवं ‘मेरा पसंदीदा कार्टून’, द्वितीय आयु वर्ग के लिए ‘विद्यालय की पिकनिक’ एवं ‘सुंदर बगीचा’ तथा तृतीय आयु वर्ग के लिए ‘शादी का दृश्य’ एवं ‘माता-पिता के साथ रेल यात्रा’ विषय निर्धारित किए गए थे। जेन अल्फा पीढ़ी के बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मक सोच और रंगों के संयोजन से इन विषयों को कागज पर जीवंत किया।
प्रतियोगिता में बच्चों की बनाई पेंटिंग की सभी ने सराहना की तथा उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन के माध्यम से बच्चों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा को अभिव्यक्त करने के साथ-साथ कला के प्रति रुचि विकसित करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता के समापन पर संगठन की पदाधिकारियों एवं सदस्याओं द्वारा सभी प्रतिभागी बच्चों को संगठन की ओर से उपहार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले बच्चों के नामों की घोषणा बाद में की जाएगी।
इस अवसर पर संगठन की उपाध्यक्षा शिल्पी शुक्ला एवं सचिव स्वाती चौरसिया सहित संगठन की अन्य पदाधिकारी एवं सदस्याएं उपस्थित रहीं।














