#Jhansi ड्रग सप्लायर परवेज हत्या कांड में फरार 4 अन्य आरोपी हत्थे चढ़े 

0
36

झांसी। प्रेमनगर के नगरा हाट के मैदान में ड्रग सप्लायर परवेज अली हत्या कांड में फरार चल रहे चार अन्य आरोपियों को प्रेमनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम बड़ागांव गेट बाहर निवासी शिवम गुप्ता पुत्र मुरारी लाल सैयर गेट निवासी फरहान, तलैया मोहल्ला निवासी अफाक, ओरछा गेट निवासी अभिषेक पुत्र संजय हैं।

गौरतलब है कि 15 सितंबर की रात थाना प्रेमनगर पुलिस को नगरा हाट के मैदान में मरणासन्न अवस्था में एक युवक मिला था। जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। घटना स्थल और शव की हालत देख पुलिस इसे हादसा मान रही थी। लेकिन जब मृतक के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो उसकी मौत हादसा नहीं बल्कि हत्या साबित हुई। मृतक की पहचान नहर किनारे निवासी परवेज अली के रूप में हुई थी। पुलिस ने इस मामले में जांच करते हुए मृतक के परिजनों से तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया था।

विवेचना और तमाम साक्ष्य सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एसएसपी के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने ड्रग सप्लायर परवेज की हत्या में शामिल प्रेमनगर थाना में तैनात सिपाही जिला बांदा के तिंदवारी निवासी आशीष सहित प्रियांश सोनी, साहिल मिश्रा, भूपेंद्र रायकवार, यश शिवहरे, शनि नामदेव को गिरफ्तार कर पूछताछ करने पर खुलासा हुआ था कि परवेज नशीले पदार्थ ड्रग की तस्करी करता था और वह जम्मू कश्मीर से भी जेल जा चुका था।

घटना वाले दिन पकड़े गए आरोपियों ने परवेज से ड्रग लेने के लिए उसके ऑन लाइन पेमेंट पांच हजार किया था और उसे अपनी चार पहिया गाड़ी में डालकर ले गए थे। पूछताछ में पकड़े गए आठ आरोपियों ने बताया था कि इस घटना में बड़ागांव गेट बाहर निवासी शिवम गुप्ता पुत्र मुरारी लाल सैयर गेट निवासी फरहान, तलैया मोहल्ला निवासी अफाक, ओरछा गेट निवासी अभिषेक पुत्र संजय भी शामिल थे। एसएसपी विकास कुमार के निर्देशन में फरार चारों अभियुक्तों को आज प्रेमनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर स्पेशल रिमांड मैजिस्ट्रेट की अदालत में प्रस्तुत किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here