चार डस्टबिन, स्वच्छता का संकल्प—स्टेशनों पर यात्रियों को किया जागरूक
झांसी। स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत झांसी मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, चित्रकूट धाम कर्वी, मुरैना, महोबा एवं बांदा सहित विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों और रेलकर्मियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरे के उचित निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान चार प्रकार के डस्टबिन के उपयोग और उनमें अलग-अलग प्रकार के कचरे को डालने की जानकारी दी गई, ताकि कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने की आदत को बढ़ावा दिया जा सके।
विभिन्न स्टेशन पर यात्रियों एवं रेलकर्मियों को चार प्रकार के डस्टबिन की उपयोगिता समझाते हुए सही डस्टबिन में सही प्रकार का कचरा डालने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता अभियान के दौरान यात्रियों को बताया गया कि स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसी क्रम में महोबा स्टेशन परिसर में भी स्टाफ एवं यात्रियों को डस्टबिन के सही इस्तेमाल की जानकारी देते हुए स्वच्छ स्टेशन के लिए सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया गया।
अभियान में यात्रियों एवं रेलकर्मियों को विभिन्न प्रकार के कचरे के लिए निर्धारित डस्टबिन के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान स्वच्छता के लिए छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाने, कचरा इधर-उधर न फेंकने और निर्धारित डस्टबिन का ही प्रयोग करने का संदेश दिया गया। रेलकर्मियों ने यात्रियों को समझाया कि कचरे को सही डिब्बे में डालना न केवल स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने में सहायक है, बल्कि बेहतर कचरा प्रबंधन की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत झांसी मंडल में स्टेशनों, कार्यालयों एवं अन्य रेल परिसरों में स्वच्छता को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन अभियानों का उद्देश्य यात्रियों एवं रेलकर्मियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है। स्वच्छ स्टेशन के लिए स्वच्छ आदतों को अपनाने और कचरे का उचित प्रबंधन करने का संदेश देते हुए सभी से स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील की गई।














