खजुराहो स्टेशन पर उमरे का पहला स्मार्ट HSD ऑयल डिलीवरी सिस्टम शुरू

0
58

झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन व वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) अशोक प्रिय गौतम के नेतृत्व में खजुराहो रेलवे स्टेशन पर उत्तर मध्य रेलवे जोन का पहला स्मार्ट फ्लीट कार्ड आधारित बाउजर HSD ऑयल डिलीवरी सिस्टम शुरू किया गया।

इस व्यवस्था से पावर कार में प्राथमिक अनुरक्षण के दौरान ही HSD ऑयल की फ्यूलिंग की जा सकेगी, जिससे एनरूट स्टेशन पर ईंधन भराने के लिए होने वाले अतिरिक्त ठहराव और संभावित विलंब को कम करने में मदद मिलेगी। स्मार्ट फ्लीट कार्ड आधारित इस प्रणाली से ईंधन आपूर्ति प्रक्रिया अधिक सुचारु एवं व्यवस्थित होगी और ट्रेनों के परिचालन समय में बचत होगी। इसका सीधा लाभ यात्रियों को समयबद्ध एवं सुगम यात्रा के रूप में मिलेगा।

HSD ऑयल की फ्यूलिंग मार्केट रेट पर की जाएगी, जिससे ईंधन के स्टोरेज, ट्रांसपोर्टेशन और अन्य लॉजिस्टिक लागत में बचत होगी। आकलन के अनुसार रेलवे को प्रति लीटर लगभग 15 रुपये की बचत होने की संभावना है। इससे परिचालन लागत कम करने और रेलवे के परिचालन अनुपात में सुधार में मदद मिलेगी। खजुराहो स्टेशन पर शुरू की गई यह पहल ईंधन प्रबंधन को अधिक कुशल और किफायती बनाने के साथ रेलवे परिचालन में समय एवं संसाधनों की बचत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here