पिंडदान के दौरान स्नान करते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम
झांसी। मंगलवार को मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के देवरी सिंहपुरा गांव में सुखनई नदी में स्नान करने गए पांच लोगों की गहरे पानी में डूबते समय एक दूसरे को बचाने के चक्कर में मौत हो गई। मृतकों में पिता-पुत्र समेत परिवार के अन्य रिश्तेदार शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर पहुंच गए।
सूचना मिलते ही एसडीएम मनोज कुमार भारती ने थाना प्रभारी समेत भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। नदी में से निकाले गए शवों को पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया। एसडीएम मनोज कुमार भारती ने बताया कि मृतकों में देवरी सिंहपुरा निवासी अनूप तिवारी (45), श्रेयांश तिवारी (21), पुष्कर शुक्ला, संजीव शुक्ला (23), निवासी हरदोई, जालौन तथा अर्पित तिवारी (12) पुत्र अनूप तिवारी के नाम सामने आए हैं. मृतक आपस में पारिवारिक रिश्तेदार थे।
उन्होंने बताया कि देवरी सिंहपुरा जहां सुखनई नदी बहती है, यहां पर एक परिवार के पांच लोग पिंडदान की पूजन और नहान करने आये थे। इसी दौरान एक व्यक्ति अनूप जो बीच नदी में नहाने चले गये और डूबने लगे। उनको बचाने के चक्कर में एक-एक करके सभी परिवार के पांच लोग नदी में डूब गये. सभी का शव बरामद कर लिये गये हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव के प्रयास शुरू किए और काफी मशक्कत के बाद पांचों लोगों को नदी से बाहर निकाला। नदी से बाहर निकाले गए सभी लोगों को तत्काल मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पांचों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ पांच लोगों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में भी परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
मुख्यमंत्री ने हादसे का लिया संज्ञान : मऊरानीपुर में पांच लोगों के सुखनई नदी में डूबने की घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
सांसद ने शोकाकुल परिवार से मिल ढांढस बंधाया
रानीपुर, देवरी सिंहपुरा में सुखनई नदी में डूबने से पाँच लोगों के निधन की अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक घटना के संज्ञान में आते ही सांसद अनुराग शर्मा ने मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिए। सांसद मऊरानीपुर स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुँचकर शोकाकुल परिजनों से मिले तथा इसके पश्चात देवरी सिंहपुरा स्थित ग्राम पहुँचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। सांसद ने कहा कि इस अत्यंत दुःख की घड़ी में उनकी पूरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।














