पूर्व मेल लोको पायलट की विधवा को मिला दशकों से लंबित पेंशन संशोधन का लाभ

0
108

झांसी रेल मण्डल की संवेदनशील पहल : नया पीपीओ जारी

झांसी। रेल मण्डल ने मानवीय संवेदना व त्वरित कार्यप्रणाली का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक दिवंगत रेलकर्मी के आश्रित परिवार को दशकों से लंबित पेंशन संशोधन का लाभ सुनिश्चित कराया है। मण्डल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन व वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में कार्मिक विभाग ने संवेदनशील रुख अपनाते हुए स्वर्गीय कर्मचारी की विधवा को चतुर्थ से सातवें वेतन आयोग तक का पूरा लाभ दिलाया है।

यह मामला स्व रामगोपाल से संबंधित है, जो मेल लोको पायलट के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके निधन के उपरांत उनकी धर्मपत्नी कमला देवी की पेंशन चौथे वेतन आयोग के बाद से संशोधित नहीं हो सकी थी, जिसके चलते उन्हें लंबे समय से काफी अल्प पेंशन ही प्राप्त हो रही थी। कमला देवी द्वारा प्रस्तुत आवेदन और संबंधित दस्तावेजों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कार्मिक विभाग ने सेवा अभिलेखों की गहन जांच की। इसके उपरांत नियमानुसार वेतन व पेंशन का पुनर्निर्धारण करते हुए लेखा विभाग के समन्वय से नया संशोधित पीपीओ जारी किया गया। संशोधित आदेश के तहत अब आवेदिका को सातवें वेतन आयोग के अनुरूप समुचित पेंशन तथा पूर्व अवधि का बकाया (एरियर) संबंधित बैंक खाते के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रकरण के संदर्भ में मण्डल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि रेलवे अपने सेवारत व सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके आश्रितों के हितों एवं कल्याण के प्रति निरंतर सजग है। पेंशन संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध एवं मानवीय आधार पर समाधान हमारी प्राथमिकता है। इस पुराने मामले का त्वरित निस्तारण कर परिवार को उनका न्यायसंगत हक दिलाना कार्मिक विभाग का एक सराहनीय कदम है।

लंबे समय बाद राहत मिलने पर भावुक होकर कमला देवी ने कहा कि “सालों से मैं अत्यंत सीमित पेंशन में जीवन यापन कर रही थी और उम्मीद छूटती जा रही थी। झांसी मण्डल रेल प्रशासन ने मेरी परेशानी को संवेदनशीलता से सुना और सभी लंबित संशोधन करवाकर नया पीपीओ जारी कराया। इस मदद और तत्परता के लिए मैं मण्डल रेल प्रबंधक सहित पूरे रेल प्रशासन का हृदय से धन्यवाद करती हूँ।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here