झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबावाय में दिन दहाड़े खनन माफियाओं ने एक युवक पर स्कॉर्पियो चढ़ा कर कुचलने का प्रयास किया। जब युवक टक्कर लगने पर खाई में गिर गया तो उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में गंभीर रूप से घायल पीड़ित ने पुलिस को लिखित शिकायत कर कार्यवाही की मांग की। वही दूसरे पक्ष ने भी मारपीट करने और फायरिंग करने का आरोप लगाया है।
रक्सा के ग्राम सिमराहा निवासी सत्यम यादव ने थाना सीपरी बाजार में शिकायत करते हुए बताया कि ग्राम सिमराहा में कई दिनों से जेसीबी मशीन से बालू और मिट्टी का दबंगों द्वारा अवैध खनन किया जा रहा है। जिसकी वह कई बार जिलाधिकारी को शिकायत कर चुका। लेकिन खनिज विभाग द्वारा माफियाओं से साठगांठ होने पर कोई कार्यवाही नहीं की गई।
उसने बताया कि सोमवार को दोपहर करीब बारह बजे वह अपनी बाइक से सीपरी बाजार से सामान लेकर वापस गांव जा रहा था। जैसे ही वह अंबावाय के पास पहुंचा तभी सामने से विपक्षियों ने स्कॉर्पियो को तेजी से चला कर जान से मारने की नीयत से उस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। जोरदार टक्कर लगने पर वह गाड़ी से उछल कर खाई में जा गिरा जिससे उसके हाथ पैर में गंभीर चोट आई। इसके बाद विपक्षियों ने उस पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और लाठी से उसकी बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। चीखने चिल्लाने पर आस पास के लोग मौके पर आ गए और वह किसी तरह खाई से बाहर निकला। वही दूसरे पक्ष ने सत्यम यादव सहित अन्य लोगों के पर मारपीट फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है














