• द वुड्स हैरीटेज स्कूल में हुआ स्वागत
    झांसी। प्लास्टिक के प्रयोग से होने वाले नुकसान के प्रति आगाह एवं जागरूक करने के उद्देश्य से महाराष्ट्र निवासी इं0 शैलेश कुलकर्णी और झांसी के शैलेश तिवारी तीन देशों की बाईक यात्रा पर निकल पड़े हैं। साहसी व उत्साही बाइकर्स का इलाहबाद बैंक के निकट द वुड्स हैरीटेज स्कूल में डायरेक्टर तबरेज खान के साथ स्टाफ व विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत किया। यह दोनों भारत समेत भूटान व नेपाल के कई शहरों में जाकर लोगों को प्लॉस्टिक के प्रयोग से होने वाली हानियों के प्रति जागरुक करने के लिये 27 दिनों तक चलकर 7 हजार किलोमीटर की यात्रा पूर्ण करेंगे।
    विगत 30 अक्टूबर को बुलट से महाराष्ट्र से चलकर सागर होते हुये शुक्रवार को महानगर पहुंचे इं0 शैलेश कुलकर्णी का शानदार स्वागत किया गया।
    द वुड्स हैरीटेज स्कूल में पत्रकारों से वार्ता करते हुये उन्होने बताया कि वह प्लास्टिक से होने वाली हानि व दुष्परिणाम के प्रति जागरूकता के लिये प्रयासरत है। इसके पहले वह ऑल इण्डिया राईड के तहत भारतीय सेना सम्मान यात्रा सहित देश के विभिन्न राज्यों में अलख जगा चुके है। यह पहली बार होगा जब कोई इतनी लम्बी बाईक यात्रा करते हुए अपने देश से बाहर जाकर प्लॉस्टिक के उपयोग के चलते होने वाले दुष्परिणामों से बचने के लिए लोगों को जागरुक करेंगे। यही नहीं वह पिछले 10 वर्ष से प्लॉस्टिक मुक्त हो चुके भूटान देश के विभिन्न शहरों में जाकर यह जानने का भी प्रयास करेंगे कि किस तरह उन्होंने इसके प्रयोग पर काबू पाया है और उसी सीख को वह भारत के लोगों तक भी पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि जब कोई गाय द्वारा प्लॉस्टिक खाने से उसकी मौत तक हो जाती है। इसके प्रयोग को रोकने के लिए हम कम से कम एकल उपयोगी प्लॉस्टिक से बनी वस्तुओं का उपयोग रोक सकते हैं। इस प्रकार यह अपने आप में अनूठा प्रयास होगा। वहीं उनके साथ यात्रा पर जा रहे नगरिया कालोनी झांसी निवासी शैलेश तिवारी ने बताया कि कुछ समय पूर्व दुर्घटना के दौरान चोट के बाद से उनका हौसला और बढ़ गया है। वह देश के विभिन्न भागों में गए हैं। सभी स्थानों पर उन्हें परिवार की तरह प्रेम मिला है। जब सरकार यह चाहती है कि पॉलीथिन पर रोक लगे तो हमारा भी यह कर्तव्य बनता है कि हम लोगों को इसके लिए जागरुक करें। इं0 शैलेष ने बताया कि यह यात्रा भारत के प्रभानी से शुरु होकर,नांदेड, बरौरा,नागपुर,सागर,झांसी,कानपुर और लखनऊ, भीमदत्ता, पोखरा, काठमाण्डू, नेपाल, सिलीगुड़ी, गंगटोक, पारो, थिम्पू, भूटान तक होगी। जिसके जरिये वह सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति जागरूकता का संदेश देश के साथ ही पड़ौसी देशों को भी देना चाहते है। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर तबरेज खान, पीयूष रावत, कॉलेज के प्रधानाचार्य समेत स्टॉफ व छात्र-छात्रायें उपस्थित रहे। जिन्होने दोनों की रवानगी पर हौसला अफजाई करते हुये शुभकामनाएं दी।