धर्म व आस्था की आड़ में कानून की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश विफल
झांसी। कहते हैं कानून के हाथ लम्बे होते हैं। यह झांसी में चरितार्थ हो गया। धर्म और आस्था की आड़ में कानून की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश विफल हो गई। मऊरानीपुर में कुरैंचा गांव स्थित काली माता मंदिर में अपनी पहचान बदलकर बाबा के चोले की आड़ में ‘काली सरकार’ के नाम से दिव्य दरबार लगाने वाला लुटेरा निकला तो श्रद्धालुओं को गहरा झटका लगा। हरदोई पुलिस ने वर्षों से फरार लूट के शातिर आरोपी को काली सरकार के रूप में गिरफ्तार कर लिया। यह तथाकथित बाबा सोशल मीडिया पर काफी मशहूर था और अपनी हरकतों से लोगों को बेवकूफ बना रहा था। आरोपी की पहचान प्रदीप शुक्ला उर्फ काली सरकार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह मऊरानीपुर के कुरैंचा गांव स्थित काली माता मंदिर में अपनी पहचान बदलकर संत के रूप में रह रहा था।
बीमारियां दूर करने का दावा करता था काली सरकार
यह काली सरकार अपने दिव्य दरबार में आने वाले लोगों से बड़े-बड़े दावे करता था। वह बीमारियां ठीक करने और उनकी हर तरह की समस्याओं का चुटकियों में समाधान करने का ऐसा ढोंग रचता था कि भोले-भाले लोग उसके झांसे में आ जाते थे। इतना ही नहीं, यह बाबा सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव था। इंस्टाग्राम पर इसके एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे, जो इसके वीडियो और रील्स देखकर इसके झांसे में फंसते चले जा रहे थे।
हरदोई पुलिस ने जब इसे दबोचा तो पोल खुल गई। असल में, यह भक्ति की शक्ति का दिखावा सिर्फ पुलिस की नजरों से बचने का एक नाटक था। इस तथाकथित काली सरकार का असली नाम प्रदीप शुक्ला है और यह हरदोई जिले का रहने वाला है। हरदोई पुलिस को इस शख्स की तलाश कई सालों से थी। इसके खिलाफ साल 2014 में लूट का और 2018 में मारपीट का मामला दर्ज हुआ था। कोर्ट में बार-बार पेश न होने की वजह से अदालत ने इसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी कर रखा था। पुलिस इसकी तलाश में जुटी हुई थी कि तभी इसके झांसी में छिपे होने की पक्की खबर मिल गई।
जब हरदोई पुलिस को यह सुराग मिला कि उनका वांटेड आरोपी झांसी के एक मंदिर में काली सरकार बनकर मौज कर रहा है, तो हरदोई और मऊरानीपुर की पुलिस ने मिलकर एक साझा ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने मंदिर पर दबिश देकर इस फर्जी संत को धर दबोचा।मऊरानीपुर के सीओ रत्नेश्वर सिंह ने बताया की आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई हरदोई पुलिस उसे लेकर रवाना हो गई है।














