
भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह का दावा – राठौर विजय पताका फहराएंगे
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय स्व वित्त पोषित महाविद्यालय प्रबंधक संगठन के अध्यक्ष अजय सिंह परिहार ने बताया कि संगठन ने इलाहाबाद झांसी खंड स्नातक विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को समर्थन दे दिया है। राष्ट्रकवि मैथिली शरण गुप्त महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ वैभव गुप्ता को चुनाव संयोजक नियुक्त कर उन्हें प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर के समर्थन में सात जिलों में जनसंपर्क एवं समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने सभी प्रबंधकों से अशोक कुमार राठौर के समर्थन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मीडिया से रू-ब-रू संगठन के पदाधिकारियों ने राठौर के शिक्षा क्षेत्र के अनुभव की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वे स्नातकों, शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाएँगे। इस दौरान भाजपा के महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने अधिक से अधिक पंजीकृत स्नातक मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें मतदान हेतु प्रेरित करने तथा मतदान केंद्रों तक पहुँचाकर राठौर के पक्ष में प्रथम वरीयता का मतदान कराने का अनुरोध किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा न मतदाताओं तक पहुंच कर राठौर के पक्ष में मतदान कराने की जो रणनीति बनाई है उससे राठौर निश्चित ही विजय पताका फहराएंगे।
इस दौरान डॉ. वैभव गुप्ता ने चुनाव संयोजक बनाये जाने पर संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी जिला प्रभारियों एवं महाविद्यालय प्रबंधकों के सहयोग में अभियान आगे बढ़ाया जाएगा। संगठन के अध्यक्ष अजय सिंह परिहार, प्रबंधक श्याम राघवेंद्र महाविद्यालय, मऊरानीपुर ने कहा कि बुंदेलखंड स्ववित्तपोषित महाविद्यालय प्रबंधक संगठन उच्च शिक्षा के विस्तार और शिक्षण संस्थानों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है। शिक्षा क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझने वाला प्रतिनिधित्व स्नातकों एवं महादिद्यालयों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने डॉ. वैभव गुप्ता को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे सभी पदाधिकारियों को साथ लेकर अभियान को प्रभावी दिशा देंगे। परिहार जी ने संगठन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा सभी प्रबंधकों से अशोक कुमार राठौर के समर्थन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जिला प्रभारी एवं सहसंयोजक डॉ. एस. के. साहू, अध्यक्ष गांधी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, अंबाबाय ने डॉ. वैभव गुप्ता के संयोजन में महाविद्यालय प्रबंधकों व पंजीकृत स्नातक मतदाताओं से संपर्क कर राठौर के समर्थन में कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। इस मौके पर देवेंद्र बख्शी, तेजेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे। आभार ज्ञापन डॉ. एस. के. साहू, प्रबंधक एवं अध्यक्ष, गांधी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, अंबाबाय झाँसी ने किया।














