भारी मात्रा में चोरी का केमिकल, 4 डीसीएम, ड्रम, 1.70 लाख रूपये आदि बरामद
झांसी। तेल, शैंपू, साबुन बनाने के रसायनिक तरल पदार्थ को गाड़ी चालकों की मिली भगत से चोरी कर बेचने वाले ढाबा संचालक को पूंछ थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में केमिकल, एक लाख से अधिक रुपए सहित मोबाइल फोन और डीसीएम गाड़ी बरामद कर ली है।
दरअसल कई दिनों से जिला प्रशासन व पुलिस को सूचना मिल रही थी कि पूंछ थाना क्षेत्र में एन एच 27 खनिज बैरियर के पास स्थित शुक्ला ढाबा पर संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही है। ढाबा संचालक कानपुर आने जाने केमिकल टैंकर के चालकों के साथ मिल कर खुद को आर्थिक लाभ लेने के लिए गाड़ियों से साबुन, तेल, शैंपू केमिकल चोरी कर ड्रामों में भरकर उन्हें डीसीएम गाड़ियों से दूसरे व्यापारियों के पास कानपुर भेज कर बेचते है।
इस सूचना पर उप जिलाधिकारी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मोठ के नेतृत्व में पूछ थाना पुलिस ने अभियान चलाते हुए जांच पड़ताल की तो पता चला कि शुक्ला ढाबा गोविंद यादव उर्फ ननना यादव ने कानपुर के गोपाल पुर घाटम पुर निवासी बलदेव शुक्ला को किराए पर दे दिया है। इस ढाबे पर पुलिस व प्रशासनिक टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारकर कानपुर घाटमपुर के गोपाल नगर निवासी बलदेव शुक्ला को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से अलग अलग गाड़ियों से तेल, शैंपू और साबुन का चोरी किया गया केमिकल जो डीसीएम गाड़ियों में ड्रम में भरकर बेचने ले जाया जा रहा था को बरामद करते हुए चार डीसीएम गाड़िया, भारी मात्रा में ड्रमों में भरा केमिकल, 1.70 लाख रूपये, 34 ड्रम खाली, दो टैंकर, एटीएम कार्ड, एक इंजन, पाइप बरामद कर लिया। वही पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले कानपुर के बर्रा निवासी अनिल शुक्ला और बलदेव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बलदेव को जेल भेज दिया है।














