बीना-आगासोद थर्ड लाइन का सीआरएस ने किया निरीक्षण
झांसी। रेल कनेक्टिविटी व अवसंरचना सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 13 अक्टूबर को रेल संरक्षा आयुक्त, पूर्वोत्तर परिक्षेत्र ई. श्रीनिवास द्वारा बीना-आगासोद नवनिर्मित तीसरी लाइन रेलखंड का गहन संरक्षा निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के साथ ट्रैक पैरामीटर्स, सिग्नल प्रणाली, पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग, पुल-पुलियों, ओएचई तथा अन्य तकनीकी एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का सूक्ष्मता से परीक्षण किया गया।
संरक्षा निरीक्षण के उपरांत उक्त नवनिर्मित तीसरी लाइन पर 120 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से सफल स्पीड ट्रायल किया गया। इस ट्रायल के माध्यम से ट्रैक की संरचनात्मक मजबूती, सिग्नलिंग सिस्टम की दक्षता एवं समग्र परिचालनिक तैयारियों का परीक्षण किया गया, जो सफल रहा।
रेल संरक्षा आयुक्त के अनुमोदन उपरान्त यह नवनिर्मित तीसरी लाइन रेलखंड रेलों के गतिमय सञ्चालन हेतु उपलब्ध होगा। इस परियोजना के पूर्ण होने के उपरांत न केवल ट्रेनों के परिचालन में सुगमता एवं समयपालन में सुधार होगा, बल्कि यात्री एवं माल परिवहन क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण श्री अजीत सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलिकॉम इंजिनीयर रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता/टीआरडी श्री आर. के. बघेला, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता/परिचालन श्री धर्मेश कुमार, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री अतुल यादव, तथा निर्माण संगठन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।














