19वीं अभा आरपीएफ डॉग ड्यूटी प्रतियोगिता-26 में दक्षिण रेलवे बना ओवरऑल विजेता

0
11

दक्षिण पूर्व रेलवे उप विजेता, विभिन्न श्रेणियों में डॉग स्क्वॉड ने प्रदर्शित की अपनी दक्षता

झांसी। 19वीं अखिल भारतीय आरपीएफ डॉग ड्यूटी प्रतियोगिता-2026 के समापन समारोह में दक्षिण रेलवे (SR) की टीम ने ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) की टीम उप विजेता रही। विभिन्न श्रेणियों में डॉग स्क्वॉड ने अपनी दक्षता प्रदर्शित कर मनमोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह रहे।

प्रतियोगिता में 17 रेल जोनों से आए 73 डॉग तथा उनके हैंडलर्स व रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों ने सहभागिता की। प्रारम्भ में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेंद्र कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इसके पश्चात परेड कमांडर सुरेंद्र सिंह चौधरी के नेतृत्व में विभिन्न रेल जोनों की टीमों ने अनुशासित परेड के साथ मंच को सलामी दी।

समारोह में प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तर मध्य रेलवे प्रदीप कुमार गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन में डॉग स्क्वॉड की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि रेलवे सुरक्षा व्यवस्था में प्रशिक्षित डॉग्स और उनके हैंडलर्स के बीच बेहतर तालमेल, नियमित प्रशिक्षण एवं अनुशासन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं विभिन्न जोनों की टीमों को अपनी कार्यक्षमता प्रदर्शित करने, अनुभव साझा करने और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए अपनी दक्षता को और बेहतर बनाने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने बताया कि यहां से चयनित सर्वश्रेष्ठ टीम अखिल भारतीय पुलिस डॉग मीट में रेल सुरक्षा बल का प्रतिनिधित्व करेगी।

जीएम ने आरपीएफ की भूमिका को सराहा

मुख्य अतिथि नरेश पाल सिंह, महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे ने रेलवे सुरक्षा बल की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि रेल यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे परिसरों की निगरानी तथा संभावित सुरक्षा खतरों की पहचान में आरपीएफ डॉग स्क्वॉड का योगदान महत्वपूर्ण है। ट्रैकिंग, विस्फोटक पदार्थों की पहचान और मादक पदार्थों का पता लगाने जैसे संवेदनशील कार्यों में प्रशिक्षित डॉग्स अपनी विशेष क्षमताओं के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने डॉग हैंडलर्स के समर्पण, प्रशिक्षण और अपने डॉग्स के साथ उनके समन्वय को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी प्रतिभागियों को निरंतर अभ्यास एवं कार्यकुशलता में वृद्धि के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों के प्रयासों की सराहना करते हुए विजेता टीमों को बधाई दी।

प्रतियोगिता के परिणाम

प्रतियोगिता में दक्षिण रेलवे ने ओवरऑल विजेता तथा दक्षिण पूर्व रेलवे ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। ट्रैकर डॉग इवेंट में दक्षिण रेलवे के डॉग ‘जोरो’ (बेल्जियन शेफर्ड) ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके हैंडलर एचसी बी. सुरेश कुमार रहे। दक्षिण पूर्व रेलवे के डॉग ‘सिम्बा’ (बेल्जियन मैलिनॉइस) ने द्वितीय तथा उत्तर रेलवे के डॉग ‘फ्रेंडो’ (जर्मन शेफर्ड) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विस्फोटक पहचान प्रतियोगिता में दक्षिण रेलवे के डॉग ‘जैक’ (बेल्जियन शेफर्ड) ने प्रथम स्थान हासिल किया, जिसके हैंडलर एचसी रॉबिन रहे। दक्षिण मध्य रेलवे (SCoR) के डॉग ‘रेमो’ (लैब्राडोर) ने द्वितीय तथा पश्चिम मध्य रेलवे के डॉग ‘जैकी’ (लैब्राडोर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दक्षिण रेलवे के डॉग ‘जोरो’ को प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ डॉग घोषित किया गया।

मादक पदार्थों की पहचान प्रतियोगिता में दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) के डॉग ‘वीरा’ (बेल्जियन मैलिनॉइस) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके हैंडलर कांस्टेबल एन. रामुडु नाइक रहे। दक्षिण रेलवे के डॉग ‘पाब्लो’ (बेल्जियन शेफर्ड) ने द्वितीय तथा पश्चिम रेलवे के डॉग ‘इंच’ (लैब्राडोर) ने तृतीय स्थान हासिल किया। परिणामों की घोषणा के पश्चात निशान टोली द्वारा ध्वज उतारकर मुख्य अतिथि को सौंपा गया। इस औपचारिक प्रक्रिया के साथ प्रतियोगिता के समापन की परंपरा का निर्वहन किया गया। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले डॉग्स एवं उनके हैंडलर्स की उपलब्धियों ने प्रतियोगिता में उनके प्रशिक्षण, अनुशासन और आपसी तालमेल को प्रदर्शित किया।

डॉग शो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा

समारोह के अंतिम चरण में आयोजित डॉग शो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। इसमें प्रशिक्षित डॉग्स ने अपने हैंडलर्स के निर्देशों के अनुरूप विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी दक्षता, अनुशासन और तत्परता का प्रदर्शन किया। डॉग शो के माध्यम से उनकी प्रशिक्षण क्षमता और हैंडलर्स के साथ समन्वय को प्रदर्शित किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने देखा। इस डॉग शो में बेस्ट डॉग का पुरस्कार रेमो को दिया गया।

निर्णायक मंडल हुआ पुरस्कृत

महाप्रबंधक द्वारा निर्णायक मंडल को पुरस्कृत किया गया। इनमें रेलवे सुरक्षा बल के सेवानिवृत्त सहायक उपनिरीक्षक ओ. पी. शर्मा, रेलवे सुरक्षा बल के सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक पूरन सिंह, रेलवे सुरक्षा बल के सेवानिवृत्त सहायक उपनिरीक्षक राज कुमार, उत्तर प्रदेश पुलिस के BDDS दल के सदस्य अजब सिंह व सीमा सुरक्षा बल (BSF) के सत्यप्रकाश शुक्ला शामिल रहे। महाप्रबंधक ने सभी निर्णायकों द्वारा निष्पक्ष मूल्यांकन और अपने दायित्वों का निर्वहन और प्रतियोगिता को सफल बनाने में योगदान देने के लिए अभिनंदन किया।

19वीं अखिल भारतीय आरपीएफ डॉग ड्यूटी प्रतियोगिता-2026 ने विभिन्न रेल जोनों के डॉग स्क्वॉड को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने, अनुभव साझा करने और सुरक्षा संबंधी कार्यों में दक्षता को परखने का मंच प्रदान किया। प्रशिक्षित डॉग स्क्वॉड रेलवे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा यात्रियों की सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध, अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन नंदीश शुक्ल, महाप्रबंधक के सचिव अखिल शुक्ल, पुलिस अधीक्षक जीआरपी विपुल श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन समेत सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here