- इण्डो-रसियन आर्ट एण्ड कल्चर पर पेण्टिंग प्रदर्शनी ७ से
झांसी। राजकीय संग्रहालय झांसी, रसियन (रूस) विज्ञान व कला केन्द्र -नई दिल्ली एवं ग्रामीण नागरिक स्वालम्बन संस्था झांसी के संयुक्त तत्वावधान में हिस्टोरिकल रिफलेक्स्न ऑफ इण्डो-रसियन आर्ट एण्ड कल्चर विषय पर केन्द्रित तीन दिवसीय पेंटिंग प्रदर्शनी राजकीय संग्रहालय के प्रदर्शनी हॉल में लगायी जा रही है। प्रदर्शनी का शुभारंभ ७ दिसम्बर को सांय ४ बजे भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी किरन सोनी गुप्ता (महानिदेशक जवाहर कला केन्द्र रायपुर) द्वारा फेडर ए. रोजास्की, निदेशक रसियन कला व विज्ञान केन्द्र के निदेशक तथा राज्य जीएसटी के संयुक्त आयुक्त जयशंकर सहाय की उपस्थिति में किया जायेगा।
संग्रहालय की उप निदेशिका आशा पाण्डेय तथा ग्रामीण नागरिक स्वाल बन संस्था के अध्यक्ष सुनील गौतम ने बताया कि प्रदर्शनी में रूस व भारत के जाने-माने चित्रकारों की पेंटिंग प्रदर्शित की जायेगी। प्रदर्शनी का उद्देश्य झांसी में रूस तथा भारतीय कलाकारों की चित्रकारी का समन्वय दर्शाना है, जिससे नवोदित चित्रकार दोनों देशों की चित्र विद्या का तुलनात्मक अध्ययन कर सकें एवं एक दूसरे को अनुप्रेरित कर दोनों देशों की सांस्कृतिक विरासत को साझा कर सकें। प्रदर्शनी में रूसी कलाकारों द्वारा भी बनायी गयी पेंटिंग तथा रूसी थीम पर आधारित भारतीय चित्रकारों द्वारा चित्र बनाये गये हैं। मुख्य अतिथि की बनाई गयी पेंटिंग प्रदर्शनी का आकर्षण रहेगी। इस प्रदर्शनी से दोनों देश के कलाकार तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान में सहायता मिलेगी। प्रदर्शनी मेें विशिष्ट रूप से भारत-रूसी कला के विशेषज्ञ आदर्श सिन्हा तथा रूसी कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। प्रदर्शनी ७ से ९ दिसम्बर की सांय तक दर्शकों के अवलोकन हेतु नि:शुल्क खुली रहेगी। ८ दिसम्बर की सायं ४ बजे चित्रकारों को प्रभारी क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी डॉ. एस.के. दुबे द्वारा पुरस्कृत किया जायेगा। संग्रहालय की उपनिदेशिका ने बताया कि इस अवसर पर राजकीय संग्रहालय एवं पुरातत्व विभाग द्वारा भू-जल संरक्षण सप्ताह एवं विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया जायेगा।