झांसी। नई दिल्ली निजामुद्दीन से चल कर झांसी आने वाली ताज एक्सप्रेस के डी-2 कोच के पहियों से शनिवार की सुबह अचानक धुआं निकलने पर अफरा-तफरी मच गयी। यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को आगरा से कुछ दूर भांडेई स्टेशन पर रोक दिया। इसके बाद जाजौ-मनिया के बीच ट्रेन को रोक कर जांच पड़ताल कर तकनीकी खराबी को दूर कर दिया गया। इसके कारण ट्रेन पौन घण्टे विलम्ब से गंतव्य की ओर रवाना हो सकी।
बताया गया है कि दिल्ली निजामुद्दीन से चल कर झांसी आ रही ताज एक्सप्रेस के डी-टू कोच के पहियों से धुआं निकलते देख कर यात्रियों में हड़कम्प मच गया। यात्रियों ने खतरे की चेन पुलिंग कर ट्रेन को आगरा के निकट भांडई स्टेशन के नजदीक रोक दिया गया। मौके पर पहुंचे गार्ड व ड्राइवर ने पहियों की स्थिति देखने के बाद ट्रेन को धीमी गति से आगे बढ़ाना शुरू किया। बाद में ट्रेन को जाजौ-मनिया के बीच रोक कर तकनीकी कर्मचारियों ने डी-टू कोच के पहियों के ब्रेक रिलीज किए। बाद में ट्रेन अपनी गति से आगे बढ़ सकी। यात्रियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के कारण ट्रेन लगभग पौन घण्टा भांडेई व जाजौ-मनिया के बीच खड़ी रही। इसके कारण ताज एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से लगभग ढाई घंटे देरी से झांसी पहुंची। इससे यात्री खासे परेशान रहे। झांसी से वापसी मेें यह दो घंटे देरी से रवाना हो सकी।