• झांसी मण्डल में एक जेएसजी पोस्ट को डाउन ग्रेड किया
    झांसी। उमर के झांसी मण्डल में एलआई (लोको इंस्पेक्टर) पैनल में गड़बडिय़ों का भूत सम्बन्धित अफसरों को रह-रह कर डरा रहा है। दरअसल, लगभग एक-डेढ़ वर्ष पूर्व झांसी में लोको पायलट से लोको इंस्पेक्टर चयन का पैनल जारी किया गया था। इस पैनल के जारी होने के पहले से ही इसमें कतिपय भ्रष्टाचार व लेनदेन की चर्चाएं होने लगी थीं, किन्तु इन चर्चाओं को दरकिनार कर पैनल जारी कर दिया गया। इसके बाद इस पैनल में भ्रष्टाचार की शिकायतें होने पर उमरे के मुख्य सतर्कता आयुक्त द्वारा कार्यवाही की गयी थी। इसके तहत प्रारम्भिक जांच में झांसी मण्डल के दो जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड (जेएजी) के अधिकारी व एक एक्जीक्यूटिव क्लास का अधिकारी संदेह के घेरे में आए थे। इस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए एक अधिकारी की समस्त शक्तियों को शून्य करते हुए मुख्यालय से एक अधिकारी नामित किया गया। जिसने इनका कार्य भार देखा व कुछ समय अवधि के बाद इस अधिकारी का स्थानांतरण कर दिया गया।
    इसी कार्यवाही के चलते हाल ही में एक आदेश पारित किया गया। इसके तहत झांसी मण्डल की एक जेएजी पोस्ट को डाउन ग्रेड करते हुए संदिग्ध अधिकारी का स्थानांतरण कर दिया गया है। इसी जांच के दौरान सम्मिलित एक अधिकारी की गतिविधियों पर प्रशासन विचार कर रहा है। हालांकि इन तीनों अधिकारियों को चार्जशीट भी जारी की जा चुकी है। इसके बावजूद एक अधिकारी झांसी में ही रुकने की जोड़तोड़ कर रहा है।