झांसी। जनपद के बड़ागांव थाना क्षेत्र के ग्राम मड़ोरा के कई किसान खेत में बहाए पसीने की कमाई का सुख भोगने से वंचित रह गए। एक थोक आढ़ती (व्यापारी) में किसानों की लाखों की कमाई को हड़प कर रफूचक्कर हो गया। बेहाल किसान थाने के चक्कर काट कर परेशान है, उनकी समझ में नहीं आ रहा कि क्या करें।
दरअसल, बड़ागांव के ग्राम मड़ोरा व आसपास के कई किसान अपना उत्पादन (फसल) बड़ागांव के आढ़ती कामता साहू को बेचते थे। आढ़ती माल को लेकर बाद में किसानों को उनके माल का भुगतान करता था। किसानों को उस पर विश्वास था, किन्तु उन्हें यह नहीं पता था कि यह व्यापारी विश्वासघात कर कहीं का नहीं छोड़ेगा। विश्वास के चलते किसानों ने इस बार हुई धान की फसल को व्यापारी को बेच दी। व्यापारी ने हर बार की तरह किसानों को बाद में रुपये भुगतान कराने का आश्वासन दिया। वायदे के मुताबिक रविवार को जब कुछ किसान व्यापारी के घर अपने रुपये लेने पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। इसके बाद किसान दुकान पर पहुंचे तो उसका भी ताला लगा था। जानकारी करने पर पता चला कि व्यापारी रात में ही अपने परिवार को लेकर रफूचक्कर हो गया है। पसीने की कमाई के डूबते देख कर किसानों के पसीने छूट गए और उन्होंने बड़ागांव थाने पहुंच कर अपने साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी दी। पीडि़त किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी लाखों रुपए की धान लेकर व्यापारी रातों रात परिवार सहित भाग गया है। इसके चलते उनके सामने परिवार का जीवन यापन करने की समस्या उत्पन्न हो गयी है। पीडि़त किसानों ने थाना बड़ागांव में व्यापारी कामता साहू और उसके दो पुत्रों के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।