झांसी। कांग्रेस द्वारा किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार करने के साथ ही इसकी शुरुआत प्रदेश स्तर पर गत 6 फरवरी को लखनऊ में कर दी है। यह जानकारी देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी ने बताया कि किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस जन जागरण अभियान चला रही है। यह आंदोलन 17 मार्च तक चलेगा। 17 मार्च को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इस अभियान के तहत कांग्रेसी गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याओं की जानकारी एकत्रित करेंगे और उनकी समस्याओं का हर स्तर पर समाधान कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश का किसान आज समस्याओं से जूझ रहा है। बिजली, पानी की समस्या से जूझ रहे किसान को अतिवृष्टि और ओलावृष्टि ने बर्बाद कर दिया है। इतना ही नहीं खाद व कृषि संबंधी दवाओं की कीमतों में हो रही बेतहाशा वृद्धि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। इन सारे मुद्दों को लेकर कांग्रेस व्यापक आंदोलन कर रही है और 17 मार्च को लखनऊ में प्रदर्शन के बाद किसानों की समस्याओं के निराकरण का चरण समाप्त हो जाएगा। इस दौरान किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिव नारायण सिंह परिहार, राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ सुधांशु त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष भगवानदास कोरी, डॉ. सुनील तिवारी आदि उपस्थित रहे। अंत में शहर अध्यक्ष अरविन्द वशिष्ठ ने आभार व्यक्त किया।