झांसी। ११०७८ झेलम एक्सप्रेस मेें बी-१ कोच में बैठकर अम्बाला से डबरा मप्र जा रहे युवक को जहरखुरानों ने शिकार बना लिया। युवक अर्ध मूर्छित हालत में झांसी स्टेशन के निकट पटरी के किनारे मिला। होश में आने पर उसने अपने घर-परिवार के बारे में जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन स्टेशन पहुंचे और उसे अपने साथ लेकर चले गए।
बताया गया है कि २४ वर्षीय विवेक त्रिपाठी ११ फरवरी को ११०७८ झेलम एक्सप्रेस मेें बी-१ कोच में बैठकर अम्बाला से डबरा मप्र के लिए यात्रा कर रहा था। उसे डबरा में अपनी ससुराल पहुंचना था, किन्तु जब वह नहीं पहुंचा तो परिजन घबरा गए। विवेक के बारे में छानबीन की गयी तो पता चला कि उससे आगरा-ग्वालियर के बीच सम्पर्क नहीं हो पाया। इससे सम्भावना व्यक्त की जा रही थी कि वह आगरा-ग्वालियर के बीच गायब हो गया है। परिजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी कि आज विवेक को अर्ध मूर्छित हालत में झांसी में पटरी किनारे पाया गया। उसे झांसी स्टेशन पर डिप्टी एसएस कक्ष में लाया गया। सूचना मिलने पर वहां आरपीएफ व जीआरपी पहुंच गयी। युवक ने होश में आने पर डबरा के अपने रिश्तेदारों की जानकारी दी। इस पर रेलवे पुलिस ने उनसे सम्पर्क कर जानकारी दी। इसके बाद विवेक को लेने निकटवर्ती ओरछा मप्र से उसके एक रिश्तेदार स्टेशन पहुंच गए। पूछताछ में पता चला कि विवेक जहरखुरानी का शिकार होने से बुसुध हो गया था। इससे वह डबरा नहीं उतर सका, किन्तु झांसी में कैसे लाइन किनारे पहुंचा प्रश्न चिन्ह बना हुआ है।