कोरोना संकट में देश की जनता के साथ खड़ी सरकार और पार्टी: राजपूत

झांसी। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने अपने निवास पर पार्टी का नया ध्वज फहराया। इस दौरान विधायक ने कहा कि भाजपा संघर्षों से निकला संगठन है और आज जब देश कोरोना जैसी महामारी से संघर्ष कर रहा है तो संगठन का एक एक कार्यकर्ता माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और संगठन के अध्यक्ष और सभी पदाधिकारियों के नेतृत्व, मार्गदर्शन में जनता की भलाई के काम में लगा है।

विधायक जवाहर लाल राजपूत ने सुबह भाजपा का ध्वज फहराते हुए कहा कि आज भाजपा को 40 साल का होते देख गर्व की अनुभूति हो रही है। इसकी नींव तो बहुत पहले रखी गयी थी, लेकिन 6 अप्रैल 1980 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के बाद पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। उनके नेतृत्व में पार्टी राष्ट्रहित के मकसद के साथ राजनीति में आई और लगातार आगे बढ़ती गई। अटल बिहारी वाजपेयी भाजपा की ओर से पहले प्रधानमंत्री बने और उन्होंने कारगिल युद्ध में पाकिस्तान को पराजित करने, परमाणु परीक्षण कर देश को विश्वभर में ताकतवर बना दिया। इसके साथ फोर लाइन सड़क परियोजना और प्रधानमंत्री सड़क योजना से गांव गांव को रोशन कर दिया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत का मस्तक दुनियाभर में ऊंचा हुआ है। धारा 370 समस्या खत्म कर कश्मीरियों को पुरानी सोच से आज़ादी दिला दी गयी। राम मंदिर का रास्ता साफ होने से सालों पुराना विवाद खत्म हो गया। देश के विकास में केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इस समय कोरोना जैसी महामारी को हराने के लिए सरकार बड़े फैसले ले रही है. विधायक ने कहा यह समय एक रहने का है। हम सब मिलकर कोरोना को पूरी तरह हरा देने में कामयाब होंगे। जो लोग इस समय परेशानी में हैं हम उनके साथ खड़े हैं। मदद को तैयार हैं। हम सभी कार्यकर्ताओं के साथ जरूरत मंद लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।