झांसी। जनपद के थाना रक्सा क्षेत्र में कल आधी रात में एक परिवार के दो पक्षों में कहासुनी के बाद हुए संघर्ष में जमकर लाठियां चलीं। इस हमले में दो लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए झांसी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
रक्सा थाना क्षेत्र के पाराशरी गांव में कल आधी रात के बाद एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान लाठियों के ताबड़तोड़ हमले में एक पक्ष के छक्की लाल अहिरवार और चौरसिया अहिरवार की हत्या कर दी गई जबकि परिवार की हंस मुखी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। बताया गया है कि घटना के पीछे मामला जमीन विवाद का है। क्षेत्रवासियों के अनुसार कुछ दिन पहले जमीन पर आंधी की वजह से एक पेड़ गिर गया था, इस बात को लेकर दोनों पक्षों में मतभेद हो गया और सोमवार की रात विरोधी पक्ष ने दूसरे पक्ष के छक्की लाल, चौरसिया अहिरवार और हंसमुखि देवी पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे छक्की लाल अहिरवार, चौरसिया अहिरवार और हंस मुखी देवी गंभीर घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए ले जाया गया। डॉक्टरी परीक्षण में छक्की लाल और चौरसिया को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि महिला का इलाज जारी है। एस एस पी डी प्रदीप कुमार ने बताया कि घटना के पीछे ज़मीन का विवाद है, दोनों पक्ष एक ही परिवार के बताए गए हैं। उन्होंने बताया कि हत्यारोपी शीघ्र ही पकड़े जायेंगे। मामला जो भी हो किन्तु लाक डाउन के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते दो हत्या हो जाना प्रश्न चिन्ह लगाता है।