झांसी। काँग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू जिले के ग्राम सिजारी खुर्द, शहपुरा व धवाकर में आत्महत्या करने वाले किसानों के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की। परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि वह आत्महत्या जैसे कदम न उठायें। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में आर्थिक रूप से टूटे बुंदेलखंड के कई किसानों ने आत्महत्या कर ली है। इसके बाद भी प्रदेश सरकार द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनकी पार्टी किसानों के हक की लड़ाई लड़ेगी।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू बुधवार की दोपहर सर्वप्रथम ग्राम शहपुर पहुंचे। जहां पर वह आत्महत्या करने वाले किसान लोकेन्द्र सिंह के परिजनों से मिले। परिजनों को सांत्वना दी साथ ही कुछ आर्थिक मदद भी की। इसके बाद काफिला ग्राम सिजारी खुर्द पहुंचा। जहां आत्महत्या करने वाले राघवेन्द्र राजपूत के परिजनों से मुलाकात की। राघवेन्द्र अपने पीछे पत्नी तथा छै बच्चे छोड गया है, जिन्हें ढांढस बंधाया। उन्हें अपनी ओर से आर्थिक मदद के साथ ही सरकारी मदद दिलवाये जाने की बात कही।
तत्पश्चात वह धवाकर पहुंचे। जहां किसान पूरन अहिरवार के परिजनों से बात कर उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया तथा अपनी तरफ से भी आर्थिक मदद की। इस दौरान प्रदीप जैन पूर्व केन्द्रीय मंत्री, शिवनारायण सिंह परिहार प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस किसान मोर्चा, राहुल राय, भगवानदास कोरी जिलाध्यक्ष, राहुल रिछारिया, राजेन्द्र यादव, वीरेन्द्र यादव, राजेन्द्र बुंदेला, नीता अग्रवाल, मीना आर्य, अफ़ज़ाल हुसैन, गिरजाशंकर राय ज़िला सचिव,अमित गुप्ता किशोरी लाल ठगेले, छक्की लाल रतमेले, चंद्रशेखर तिवारी, चंद्रजीत, हनी, महेश कुशवाहा ज़िला सचिव, शिवम कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।