ग्रामीण व शहर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार वितरित करना सुनिश्चित हो

झांसी। 9 सितंबर 2020 रात 10:00 बजे चिरगांव पावर हाउस के वीसीबी पैनल में आग लग जाने से चिरगांव सहित ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप्प हो गई। उक्त की जानकारी जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी को हुई। उन्होंने तत्काल विद्युत आपूर्ति सुचारू किए जाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। विभागीय अधिकारी ने दल बल के साथ मौके पर तत्काल वैक्यूम सर्किट ब्रेकर की आग बुझाते हुए क्षतिग्रस्त पैनल को ठीक किया और रात 11:21 बजे तक विद्युत आपूर्ति सुचारू की।

इसी प्रकार समथर क्षेत्र में भी हाईवे पर केबल जलकर डैमेज हो गई और समथर में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। जनता ने इसकी जानकारी प्रशासन को दी। समस्या के निदान हेतु जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हाईवे पर केबल सांय 5:30 बजे क्षतिग्रस्त हुई जिसे देर रात 11:13 बजे ठीक करते हुए विद्युत आपूर्ति चालू की गई।
जिलाधिकारी ने क्षेत्र में हाई टेंशन लाइन के तार काफी नीचे लटके हैं, उन्हें तत्काल ठीक किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भ्रमण करते हुए ऐसे विद्युत तार जो टूटने की स्थिति में है उन्हें तुरंत बदला जाए। यदि विद्युत से कोई दुर्घटना होती है तो जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।