झांसी। सफाई कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले शुक्रवार को सफाई कर्मचारीयो ने जुलूस निकालकर कहा कि नगर निगम प्रशासन नगर निगम के सदन के निर्णय का खुला उल्लंघन कर रहा है, जो पूरी तरह से अन्याय और नगर निगम में व्याप्त उदासीनता तथा भ्रष्टाचार का प्रतीक है। सदन ने प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिया गया था कि प्रत्येक वार्ड में एक सफाई हवलदार की तैनाती की जाएगी। इस दृष्टि से लगभग एक दर्जन सफाई कर्मी कार्यवाहक सफाई हवलदार की नियुक्ति हेतु पूर्ण पात्रता रखने के बाद भी वंचित हैं। केवल दो सफाई कर्मियों को कार्यवाहक सफाई हवलदार बनाकर शेष को प्रतीक्षारत कर दिया गया।इस दौरान जिलाध्यक्ष अशोक प्याल ने ज्ञापन देते हुए अवगत कराया कि नगर निगम का सफाई कर्मी रमेश विगत कई वर्षों से लापता है। उसका कोई भी सुराग पुलिस नहीं लगा सकी है। ऐसी स्थिति में उसके दत्तक पुत्र को उसके स्थान पर तैनात किया जाना चाहिए। इसी तरह से महिला सफाई कर्मी अनीता के साथ मारपीट करने वाले दबंगों के खिलाफ अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई। पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वस्त दिलाया कि जल्द ही दोनों प्रकरणों में कार्रवाई की जाएगी। सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा वही अशोक प्याल ने बताया कि जल्द ही कोई संतोषजनक निर्णय न लिया गया तो हम सभी सफाई कर्मचारी कामबंद हड़ताल करने के लिए बाध्य होंगे।इस दौरान मुन्नालाल करोसिया, सुभाष माते, नरेश डागौर , कैलाश खरे ,ओमप्रकाश बड़े , सुरेश ठेकेदार , नवल किशोर प्याल आदि मौजूद रहे संचालन कुंदन लाल नेता ने किया। अंत में प्रकाश चौधरी ने आभार व्यक्त किया।













