विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता के लिए सम्मानित की गई महिलाएं
झाँसी। एजुकेशनल एंड माइनॉरिटीज़ वेलफेयर सोसाइटी के तत्वाधान में अन्दर ओरछा गेट स्थित मदर इंडिया कान्वेंट जूनियर हाई स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर संगोष्ठी एवं महिला सम्मान समारोह का आयोजन बृजेन्द्र व्यास “डम डम महाराज ” के मुख्य आतिथ्य, पूजा शर्मा अध्यक्ष आसरा संस्था, रिज़वाना गौरी अध्यक्ष अमन मानव सामाजिक संस्था, एडवोकेट रंजना विद्रोही के विशिष्ट आतिथ्य एवं वरिष्ठ पत्रकार मोहन नेपाली की अध्यक्षता में किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि बृजेन्द्र व्यास डम डम महाराज ने कहा कि हमारे देश में नारी को देवी के रूप में पूजा जाता है ,नारी त्याग, नैतिकता व संस्कारों की प्रतिमूर्ति है जो कि स्वयं भले ही भूखी रहे लेकिन पति, पुत्र को खाना खिलाकर संतुष्ट होती है ।आज समाज में नारी पर उत्पीड़न, अत्याचार बढ़ता जा रहा है हालांकि कानून बना है जो कि कार्य भी कर रहा है ,लेकिन उसका भी दुरूपयोग हो रहा है। आज ज़रूरत है संस्कृति के संरक्षण व संतुलन की जिसके लिए नारी – पुरुष दोनों को ही ज़िम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने शिक्षा को सबसे ज़रूरी व महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अब हर स्तर पर महिलाओं के शिक्षित होने पर ही इस गंभीर समस्या का निदान संभव है।
पूजा शर्मा ने कहा की महिलाएं कमज़ोर नहीं हैं वे आज समाज में हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश का नेतृत्व कर रही हैं। रिज़वाना गौरी ने कहा की आज पुरुष प्रधान इस दुनिया में महिलाओं ने अपना अलग स्थान बनाया है। वरिष्ठ पत्रकार मोहन नेपाली ने कहा की नारी बोती है नैतिकता के बीज, जिनसे पनपता है आदर का भाव आपने कहा की शिक्षा ही वह माध्यम है जो सत्य -असत्य का ज्ञान कराता है।
संगोष्ठी को एडवोकेट रंजना विद्रोही, शाकिर , नाज़नीन खान आदि ने भी सम्बोधित किया। इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत गीत एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया एवं विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही किरण अग्रवाल, ममता शर्मा, डॉली खान, मिनी खरे, माधुरी ठाकुर,कामिनी भट्ट आदि महिलाओं को सम्मानित किया गया।
‌इस अवसर राशिद मंसूरी, नफीस , फिरोज , लोकेश भट्ट, राजू सर, खालिद खान आदि उपस्थित रहे। संचालन मो. फ़ारूक़ एड ने एवं आभार राजेश चौरसिया एड ने व्यक्त किया।