स्कूल से 9वीं की छात्रा को खींच ले गए, किया गैंगरेप

0
200

शिक्षक ने धमकाया, पुलिस बोली- सुबह आएंगे, अभी घर जाओ, दो हिरासत में

उरई । उरई में छुट्टी के बाद स्कूल से 9वीं की छात्रा को दो युवक घर खींच ले गए और कमरे में बंद कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दुष्कर्मियों से छूट कर पीड़िता किसी तरह स्कूल पहुंची और शिक्षक को उसके भतीजे और दोस्त की करतूत बताई, किंतु शिक्षक ने मदद करने की जगह धमकाया। छात्रा के परिजन जब थाने पहुंचे, तो उन्हें वहां से भी टरका दिया गया। इस मामले में मंगलवार को पीड़िता की मां ने जब एसपी से गुहार लगाई तब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की और दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

उरई के एक गांव निवासी 15 वर्षीय छात्रा जगम्मनपुर स्थित एक विद्यालय में 9वीं की छात्रा है। सोमवार को वह स्कूल गई थी। उसने बताया कि दोपहर में छुट्टी के बाद स्कूल के एक शिक्षक ने उसे रोक लिया था। इसी दौरान स्कूल के निकट रहने वाले भूपेंद्र व दानिश स्कूल आ गए। वह दोनों उसे पकड़ कर स्कूल के पास ही स्थित घर में ले गए, जहां दोनों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी भूपेंद्र का घर विद्यालय के बगल में ही है। घटना के बाद आरोपी किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए।

शिक्षक बोला- घर पर बताया तो जान से मार देंगे

इसके बाद पीड़िता जब स्कूल पहुंची, तो वहां मौजूद शिक्षक को पूरी बात बताई। उसने भूपेंद्र पर भी आरोप लगाया, तो शिक्षक नाराज़ हो गया और उसने छात्रा की मदद करने के बजाय उसे धमकी दी क्योंकि आरोपी उसका भतीजा था। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा से बुरा भला कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि शिक्षक उससे बोला कि अगर यह बात किसी को भी बताई, तो जान से मार दी जाओगी।

किसी तरह घर पहुंची छात्रा ने मां को पूरी बात बताई। परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें चलता कर दिया। परिजनों ने बताया कि वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी और उन्हें चौकी जाने की बात कहकर टरका दिया। परिजनों ने बताया कि वह चौकी पहुंचे और अपनी बात पुलिस को बताई। तब वहां मौजूद पुलिस कर्मी बोले घर जाओ सुबह आते हैं। इसके बाद परिजन घर लौट आए, लेकिन सुबह तक कोई घर नहीं पहुंचा और न ही कोई कार्रवाई हुई।

इसके बाद मंगलवार को पीड़िता को लेकर परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे, तो एसपी दुर्गेश कुमार के निर्देश पर रामपुरा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्जकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here