यातायात (अ)व्यवस्था सुधारने विधायक टोपी पहन सीटी बजा कर उतरेंगे सड़कों पर 

0
12

विधायक के अल्टीमेटम पर पुलिस प्रशासन बैकफुट पर, अव्यवस्था सुधार की कवायद तेज 

झांसी। शहर की यातायात (अ)व्यवस्था से व्यथित विधायक रवि शर्मा ने शनिवार को एक कार्यक्रम में जब कहा कि वह स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ टोपी पहन कर सीटी बजा कर यातायात  (अ)व्यवस्था को सुधारने के लिए सड़क पर उतरेंगे तो पुलिस प्रशासन बैकफुट पर आ गया। आनन-फानन में यातायात व्यवस्था सुधारने की कवायद तेज गति से शुरू हो गई।

दरअसल, शिवरात्रि पर्व पर आयोजित कार्यक्रम की जानकारी देने मीडिया से विधायक रवि शर्मा रूबरू थे। कार्यक्रम की जानकारी देने के बाद जब मीडिया ने यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े किए तो विधायक का दर्द छलक पड़ा। विधायक ने कहा जाम की समस्या आम हो गई है, यह बात सत्य है। इस समस्या से जन समान्य बहुत ज्यादा पीड़ित है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि झांसी में ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं देखी गई। उन्होंने प्रशासन पर हमला बोलते हुए कहा पता नहीं इन्हें (पुलिस प्रशासन) कौन ज्ञान दे दिया गया है। इलाइट चौराहा का चोड़ीकरण कर दिया गया। जगह-जगह डायवर्जन लगा दिए। ट्रैफिक लाइट के कैमरा से खूब चालान भेजे गए लेकिन उनका प्रयोग यातायात व्यवस्था सुधारने में नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री यातायात अव्यवस्था की शिकायत की गई है।

उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था नहीं सुधरती तो विधानसभा से 24 तारीख को वह लखनऊ से वापस लौट कर झांसी आयेंगे। इसके बाद वह अपने 50 से 60 कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतर कर स्वयं 50-60 सीटी लेकर और टोपी लगाकर व्यवस्था सुधारने का काम करेंगे। विधायक के इस अल्टीमेटम ने असर किया। अब यातायात पुलिस सड़क पर यातायात व्यवस्था को सुधारने उतर गयी है।

यह हुई यातायात पुलिस की कवायद 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में जनपद में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने हेतु 14 फरवरी को क्षेत्राधिकारी यातायात पीयूष कुमार पाण्डेय व यातायात पुलिस टीम द्वारा विशेष निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।

बस एवं सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर विशेष निर्देश
अभियान के अंतर्गत महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झाँसी बाईपास से बस स्टैण्ड तक के मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान मार्ग पर यातायात दबाव, अवैध पार्किंग, सड़क पर बसों/ऑटो के रुकने की स्थिति तथा जाम के प्रमुख कारणों का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान बस संचालकों एवं चालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी दशा में बसों को मुख्य मार्ग पर खड़ा कर सवारियां न उतारी/चढ़ाई जाएं। बसों को निर्धारित स्थान अथवा सड़क के किनारे सुरक्षित रूप से लगाकर ही सवारियों का आवागमन सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को जाम एवं दुर्घटना की आशंका से राहत मिल सके।

ऑटो/ई-रिक्शा चालकों को सख्त चेतावनी
इसी क्रम में ऑटो-रिक्शा एवं ई-रिक्शा चालकों को लाउडहेलर के माध्यम से बार-बार जागरूक करते हुए निर्देशित किया गया कि वे सड़क के मध्य वाहन न रोकें तथा रोड पर अंकित सफेद लाइन के अंदर निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा कर सवारियां बैठाएं। यातायात नियमों के उल्लंघन की स्थिति में वैधानिक कार्यवाही किए जाने की चेतावनी भी दी गई।

अस्पताल संचालकों को निर्देश
मेडिकल बाईपास क्षेत्र में संचालित अस्पतालों/निजी चिकित्सालयों के संचालकों से वार्ता कर उन्हें अपने प्रतिष्ठानों पर समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि अस्पतालों के बाहर मुख्य सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े पाए जाने पर चालान की कार्यवाही के साथ-साथ आवश्यकतानुसार वाहन सीज किए जाएंगे।

अतिक्रमण पर सख्ती
इसके अतिरिक्त जेल चौराहा एवं कचहरी चौराहा क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया। वहां स्थित दुकानदारों एवं मोटरसाइकिल रिपेयरिंग सेंटर संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपना कार्य सड़क की निर्धारित सीमा/बाउंड्री के भीतर ही करें तथा किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या कार्य सड़क पर न फैलाएं। उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

अभियान के दौरान कई स्थानों पर यातायात अवरोध उत्पन्न करने वाले वाहनों को हटवाया गया तथा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। यातायात पुलिस द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि भविष्य में इस प्रकार के विशेष चेकिंग एवं प्रवर्तन अभियान निरंतर चलाए जाएंगे।

झाँसी पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सड़क पर अनावश्यक वाहन न रोकें तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि जनपद में सुरक्षित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here