झाँसी। टोक्यो ओलम्पिक 2020 में सोमवार को सुबह खेले गये महिला हॉकी के क्वार्टर फाईनल मैच में भारत ने वर्ल्ड नम्बर दो आस्ट्रेलिया को 1-0 से परास्त कर सेमीफाईनल के लिये क्वालीफाई कर, भारतीय महिला हॉकी के इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। इस बेहद संघर्षपूर्ण मैच का एक मात्र गोल उत्तर मध्य रेल की गुरजीत कौर ने करने का गौरव प्राप्त किया | कल शाम को भारतीय पुरूष टीम ने ग्रेट ब्रिटेन को क्वार्टर फाईनल मैच में 3-1से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
झांसी जहां हॉकी के जादूगर और तीन ओलम्पिक के गोल्ड मैडलिस्ट मेजर ध्यानचंद की कर्मस्थली व समाधि स्थल है वहाँ आज मेजर ध्यानचन्द को भारत की इस ऐतिहासिक कामयाबी पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए, जिसमें मेजर ध्यानचंद के सुपुत्र वर्ल्ड चैम्पियन अशोक कुमार, उत्तर मध्य रेलवे झाँसी मंडल के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अब्दुल अज़ीज़, उत्तर मध्य रेलवे अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सुबोध खंडकर, उत्तर मध्य रेलवे के एन आई एस हॉकी कोच आफ़ाक़ अहमद और बड़ी संख्या में महिला और पुरूष खिलाड़ियों ने हॉकी के पर्याय मेजर ध्यानचंद को श्रद्धासुमन अर्पित कर याद करते हुये सेमीफाईनल मैच में कामयाबी की दुआ भी की |