– पर्याप्त मोटरें नहीं लगने से समस्या, कर्मचारियों में आक्रोश

झांसी। लगातार हो रही वर्षा के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से झांसी के वैगन मरम्मत कारखाना की आधा दर्जन पिटें पानी से लबालब हो गई। इसके कारण वैगन मरम्मत कार्य तो प्रभावित हो ही रहा है वहीं कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना बलवती हो गई है। कर्मचारियों ने बताया कि पिटों में भरे पानी को निकालने को मोटर लगाई गई है, किंतु उससे समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इसके पीछे पर्याप्त मोटरों का लगातार नहीं लगाना है। गौरतलब है कि वैगन मरम्मत कारखाना में डिब्बों की मरम्मत व अन्य कार्यों के लिए आधा दर्जन शेड में अलग-अलग पिट बनी हैं। वर्षा के मौसम में पिट में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु कारखाना प्रशासन ने पानी निकालने वाली मोटरों को ठेके पर लगाया गया है। इसके बावजूद पिटों में बारिश का पानी भरने की समस्या के समाधान नहीं होने से कर्मचारियों में आक्रोश है। कर्मचारियों का आरोप है कि पिट में भरे पानी को निकालने वाली पर्याप्त मोटर ही मौजूद नहीं है। इससे पिटों में काम करने से कर्मचारी घबरा रहे हैं। कर्मचारियों के आक्रोश व शिकायत पर अधिकारियों ने पिटों का निरीक्षण कर ठेकेदार से मोटरें बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि कर्मचारियों को परेशानी नहीं हो।