शादी के 5 दिन पहले सुसाइड से छाया मातम, पुलिस जांच में जुटी
![]()
झांसी। दोस्त की दगाबाजी और होने वाली पत्नी की बेवफाई को वह बर्दाश्त नहीं कर पाया। पत्थर पर मौत की हकीकत की इबारत लिख कर उसने अपनी हंसती खिलखिलाती जिंदगी को लाश में बदल दिया।
5 दिन पहले शादी की खुशियों पर ग्रहण लगने की यह कहानी झांसी के थाना समथर क्षेत्र अंतर्गत साकिन गांव की है जहां एक युवक ने अपने घर से कुछ दूरी पर मंदिर के निकट पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली। पास में पत्थर पर लिखा था- दोस्त ने 10 दिन पहले मेरी मंगेतर के साथ संबंध बनाए।
समथर के साकिन गांव निवासी मृतक पंकज कुशवाहा (22) घर में किराना की दुकान चलाता था। एक साल पहले उसकी शादी भांड़ेर मप्र की एक लड़की से तय हुई थी। परिजनों के अनुसार यह रिश्ता गांव के ही एक व्यक्ति के माध्यम से हुआ था। परिजन भांडेर जाकर लड़की की गोद भराई की रस्म करके आए थे। अब 21 फरवरी को बारात जानी थी और शादी होनी थी।
रविवार को पंकज चिरगांव से अपनी शादी का कार्ड बांट कर लौटा था। शाम को घर पर आया और खाना खाकर सो गया। उसकी मां चंद्र देवी और छोटा भाई पवन ऊपर वाले कमरे में सोए थे जबकि पिता हमेशा की तरह बगिया में सो रहे थे। सोमवार सुबह मां जागी तो कमरे में पंकज नहीं था और घर की कुंडी भी बाहर से बंद थी।
किसी अनहोनी की आशंका से परिजनों व ग्रामीणों ने पंकज की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान ग्रामीणों ने घर से लगभग 500 मीटर दूर अंजनी माता मंदिर के पास पीपल के पेड पर पंकज को लटका देखा। सूचना पर परिजन रोते बिलखते हुए पहुंच गये और पुलिस को भी सूचना दे दी गई।
पंकज के चचेरे भाई विजय सिंह कुशवाह ने बताया-मरने से पहले पंकज कुशवाहा ने एक पत्थर पर लिखा-आबिद खान ने “रानी (बदला हुआ नाम और पंकज की होने वाली पत्नी) से 10 दिन पहले संबंध बनाए थे। दीपक पूरी खबर देता था।” पत्थर पर इबारत के साथ तीनों के मोबाइल नंबर भी लिखे हैं। जब नंबर चेक किए तो आबिद खान पंकज का दोस्त निकला।
दरअसल शादी तय होने के बाद पंकज अपनी होने वाली पत्नी से मिलने भांडेर जाता था तो दोस्त आबिद को भी साथ ले जाता था। इसके चलते रानी और आबिद के बीच अफेयर हो गया। इसकी जानकारी लगने पर पंकज को गहरा सदमा लगा। इधर पंकज की शादी की तैयारी पूरी हो चुकी थी। रिश्तेदार भी घर पर आ चुके थे। सोमवार को परिवार को शादी के भोज का सामान लेने झांसी आना था। मगर पंकज मंगेतर के अफेयर को बर्दाश्त नहीं कर पाया और उसने जान दे दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने पेड़ पर रस्सी के सहारे लटके पंकज के शव को नीचे उतारा। तलाशी में जेब से कुछ कागज भी मिले जो सोसाइड नोट हो सकते हैं। पुलिस ने परिजनों को यह नहीं बताया है कि इन कागजात पर क्या लिखा है। फिलहाल पूरा परिवार व रिश्तेदार सदमे में हैं। गांव में दोस्त व जीवनसंगनी के विश्वासघात को लेकर चर्चा का बाजार गर्म है।














