झांसी। प्रेम में धोखा खाई एक युवती न्याय के लिए दर-दर भटक रही है। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाते हुए आरोप लगाया है कि शादी का झांसा देकर प्रेमी ने उसका बलात्कार किया और अब जब वह गर्भवती हो गई तो बिना बताये भाग गया।
विवाहित महिला ने एसएसपी से शिकायत करते हुए बताया कि वह झांसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली है। उसकी प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले रेलकर्मी से दोस्ती हो गई थी। यह दोस्ती प्यार में बदल गई। प्यार में उसके प्रेमी ने उसे गुमराह करते हुए शादी करने का झांसा देते हुए उसके पति से अलगाव के लिए न्यायालय में मामला दायर करा दिया।
न्यायालय में मामला दायर होने के बाद आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक सम्बंध बना लिए। जिससे वह गर्भवती हो गई। गर्भवती होने पर उसने शादी करने के लिए कहा। जिस पर वह आनाकानी करने लगा। उसने इसकी शिकायत प्रेमनगर थाने की पुलिस से की। शिकायत के बाद आरोपी थाने पहुंचा जहां उसने 7 अगस्त को आर्य समाज से शादी करने के लिए लिखित में कहा। लेकिन वह उस दिन से गायब चल रहा है। परेशान होकर पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत करते हुए मदद मांगी है।