झांसी। झाँसी मण्डल रेल कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक सभाकक्ष में मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष की अध्यक्षता में मंडल की मान्यता प्राप्त यूनियन एनसीआरईएस के साथ स्थायी वार्ता तन्त्र की बैठक में यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा रेलवे आवासों की मरम्मत, साफ़ सफाई, भत्ता जैसे अन्य बिन्दुओं पर सघन चर्चा सहित प्रस्तुत 111 मदों में से 30 मदों पर समन्वय स्थापित करते हुए, निस्तारित कर दिए गए I

बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि औद्योगिक सम्बंधों को बेहतर बनाने के क्रम में एन सी आर ई एस का रेलवे प्रशासन को सतत सहयोग मिल रहा है तथा सकारात्मक सहभागिता रही है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की। डीआरएम ने कहा की पिछली और इस पी.एन.एम के मध्य लगभग दो वर्ष के अंतराल में सभी ने बहुत ही कठिन परिस्थितियों का सामना किया है | इस कोविड महामारी में जब सब कुछ थम गया तब भी हमारे कर्मठ रेलकर्मियों की लगन और निष्ठा के फलस्वरूप रेल का पहिया निरंतर चलता रहा, झाँसी मण्डल द्वारा अपने रेलकर्मियों को कोविड महामारी से बचाने हेतु हर संभव प्रयास किया गया I

बैठक में एनसीआरईएस के अध्यक्ष रामकुमार सिंह ने कहा की किसी भी संस्थान की प्रगति उसके मैनेजमेंट और कर्मचारियों के बीच के सम्बंधों पर निर्भर करता है, बेहतर सम्बन्धों के फलस्वरूप ही संस्थान की प्रगति बेहतर होती है| उन्होंने झांसी मण्डल के अधिकारियों का भी आभार प्रगट करते हुए कहा की उनके द्वारा किसी भी समस्या के समाधान हेतु हर संभव प्रयास किया जाता है|

पटल पर रखे गए महत्वपूर्ण मुद्दे
1) सभी रेल कर्मचारियों को पास, पी टी ओ इत्यादि निकालने में आने वाली समस्याओं का तत्काल निदान किया जाए |
2) इंजीनियरिंग गेटों पर कार्यरत गेट मैन को जहाँ 12 घंटे ड्यूटी कराई जाती है और आवास 500 मीटर के अंदर नहीं है वहाँ दो रेस्ट दिए जाएं |
3) NPS से OPS में जाने के लिए पात्र कर्मचारियों को बिना विलंब के आदेश जारी किया जाए |
4) मंडल रेल चिकित्सालय में पदस्थ चिकित्सकों को मरीज एवं उनके तीमारदारों से शालीनता से बात करने के लिए अलग से प्रशिक्षित किया जाए अन्यथा कभी जटिल स्थिति पैदा हो सकती है और उसके लिए पूर्णतः चिकित्सालय प्रशासन जिम्मेदार होगा |
5) विद्युत लोको शेड झांसी में बंदरों के आतंक से मुक्ति दिलाई जाए, एवं शेड के सामने से गुजरने वाले भारी वाहनों पर रोक लगाई जाए |
6) अस्पताल में भर्ती मरीजों को धुले हुए कंबल देने की व्यवस्था की जाए |
7) रेल चिकित्सालय में पलंग पर बिछे हुए चादर और तकिया कवर प्रतिदिन बदले जाएं तथा डस्टबिन को भी प्रतिदिन धोकर प्रयोग हेतु दिया जाए |
8) अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को पात्रतानुसार एवं सही तरीके से भोजन दिया जाए|
9) टिकट चैकिंग स्टाफ को पुनः डिटेल बनाकर बुकिंग प्रारंभ की जाए |
10) सभी विभागों के सुपरवाइजर एवंं टिकट चैकिंग स्टाफ को प्रत्येक तीन वर्ष पर नियमानुसार ब्रीफकेस प्रदान किया जाए |
11) पश्चिम रेलवे कालोनी में पूर्व की भांति विद्युत विभाग के दो लिफ्टर सही स्थिति में उपलब्ध होना सुनिश्चित किया जाए |
12) सभी विभागों के कर्मचारियों से उनकी उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करना सुनिश्चित किया जाए |
13) रेल आवासों का रखरखाव सही ढंग से कराया जाए |
14) झांसी कानपुर खंड में दूसरी लाइन एवं धौलपुर- बीना खंड में तीसरी लाइन के कार्य एवं रखरखाव बढने के कारण एस एण्ड टी तथा इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों पर काम का बोझ बढता जा रहा है, इसलिए कर्मचारियों की संख्या बढाई जाए |
15) कैरिज वैगन विभाग में स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों का ड्यूटी रोस्टर सात रात्रि ड्यूटी से बदलकर चार रात्रि ड्यूटी वाला बनाया जाए एवं प्रत्येक शिफ्ट में सुपरवाइजर का होना सुनिश्चित किया जाए |
16) सभी कार्यालयों में कार्यरत महिला कर्मचारियों के लिए अलग से ड्रेस चेंजिंग रूम एवं टायलेट की व्यवस्था की जाए |
17) रनिंग कर्मियों के मेल एक्स्प्रेस ट्रेन के लिंक संघ से वार्ता करके बनाए जाएं | एवं मालगाड़ी के लोको पायलट एवं सहायक लोको पायलट को मिलने वाला शंटिंग भत्ते का नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित किया जाए |
18) ग्वालियर रेल चिकित्सालय में नर्स की तत्काल व्यवस्था की जाए एवं सिथौली में चिकित्सक की पूर्व की भांति व्यवस्था की जाए |
19) रोड साइड स्टेशन के सभी आवासों का अनुरक्षण के अभाव में बुरा हाल है उन्हें रहने योग्य बनाया जाए अन्यथा किराये की कटौती बंद की जाए |
20) संयुक्त कर्मी दल लाबी झांसी को प्लेटफार्म नंबर 2&3 से अविलंब शिफ्ट किया जाए |
21) मंडल रेल चिकित्सालय में एक्स रे होने का समय शाम छह बजे तक किया जाए |
22) झांसी के कार्मिक विभाग के कार्यालय एवं रिकार्ड रूम का जीर्णोद्धार कराया जाए एवं शौचालय बनवाया जाए |
23) मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय की कैंटीन में दोपहर के भोजन की व्यवस्था की जाए |
24) पूर्व में स्थानांतरित कानपुर ए डी ई एन के अधीन जूही और उरई डिपो के ट्रैक मेंटेनर को प्रयागराज मंडल के लिए अविलंब रिलीव किया जाए |
25) ग्वालियर में पीने के पानी के लिए फिल्टर प्लांट लगाया जाए तथा गुम्मट वाली दरगाह के अतिक्रमण को हटाया जाए |
26) टिकट चैकिंग के रेस्ट हाउस की दुर्दशा में सुधार के लिए अविलंब प्रयास किए जाएं |
27) कोरोना महामारी के दौरान सभी विभागों में (मास्क, फेसशील्ड, सेनिटाइजर,साबुन,थर्मल स्कैनर्स, पल्स आक्सीमीटर इत्यादि की खरीद फरोख्त एवं वितरण में) किए गए भ्रष्टाचार की जांच और उचित कार्यवाही की जाए |
28) कर्मचारियों को चार्जशीट देकर उत्पीड़न किया जाना बंद किया जाए |
29) टी आर डी डिपो झांसी में सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं |
30) अधिकारियों द्वारा मनमाने तरीके से स्थानांतरण पर तत्काल रोक लगाई जाए और रजिस्ट्रेशन को नजर अंदाज कर किए गए स्थानांतरण निरस्त किये जाएं |

इस अवसर पर अपर मण्डल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा अमित सेंगर, अपर मण्डल रेल प्रबंधक/परिचालन दिनेश वर्मा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता सहित झाँसी मण्डल के सभी शाखाधिकारी, यूनियन के मंडल सचिव भानुप्रताप सिंह चंदेल सहित मंडलीय एवं शाखा पदाधिकारी उपस्थित रहे |