– वीरांगनाओं की धरती पर नहीं होने देंगे धर्मांतरण- अंचल

 

झांसी। देश के अग्रणी हिंदूवादी संगठन हिंदू जागरण मंच का 20वां कानपुर प्रांत का प्रान्तीय अभ्यास वर्ग झांसी में प्रथम बार आयोजित किया जा रहा है। यह अभ्यास वर्ग 29, 30 और 31 अक्टूबर को अंबावाय स्थित एसआर इंजीनियर कॉलेज में आयोजित किया जा रहा है।

इस अभ्यास वर्ग शिविर में 24 जनपदों से लगभग 250 कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी सम्मिलित होंगे। मुख्य अतिथि के रूप में हिंदू जागरण मंच के राष्ट्रीय संगठन मंत्री अशोक प्रभाकर, संस्थापक सदस्य राजदेव सिंह एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश सिंह सम्मिलित होंगे। इसमें हिंदू समाज की दशा एवं दिशा पर गहन चिंतन मंथन किया जाएगा, संगठन की वार्षिक योजनाओं और अभियान की जानकारी भी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को दी जायेगी। इस अभ्यास वर्ग का उद्घाटन 29 अक्टूबर को शाम 7:00 बजे सुनिश्चित किया गया है। इस पूरे अभ्यास वर्ग के संयोजक हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष अंचल अड़जरिया होंगे।

उक्त जानकारी देते हुए मंच के प्रदेश संगठन मंत्री राजेश पांडेय ने कहा हिंदू धर्म के मान, सम्मान, स्वाभिमान एवं गंगा, गीता, गायत्री की रक्षा के लिए संगठन पूर्णतः दृढ़ संकल्पित है। संगठन को धारदार बनाने के लिए इस अभ्यास वर्ग का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ग में हिंदू समाज पर हो रहे अत्याचार, दुराचार, लव जेहाद, लैण्ड जेहाद, सरकार द्वारा मठ मंदिरों का अधिग्रहण करना एवं बुंदेलखंड में इस्लामिक चरमपंथियों का बड़े पैमाने पर जाल फैलाने के सम्बंध में विस्तृत चर्चा की जायेगी।

अभ्यास वर्ग के संयोजक अंचल अड़जरिया ने बताया कि झाँसी और आसपास के क्षेत्रों में ऐतिहासिक स्मारकों, किलों व मंदिरों से बड़े पैमाने पर मूर्ति तस्करी हो रही है, ग्रामीण क्षेत्रों से हिंदुओं का पलायन भी लगातार चल रहा है। बुंदेलखंड की धरती पर धर्मांतरण एवं कालपी से लेकर अमझरा घाटी तक मेवात ढाबे समस्या बने हैं। इन सभी को लेकर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।वीरांगनाओं की धरती पर नहीं होने देंगे धर्मांतरण। इस दौरान जयदीप खरे, मनोज वर्मा, किशोर तिवारी एवं मीडिया प्रभारी अतुल वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।