झांसी। झांसी के ऐतिहासिक किले के मैदान का नामकरण कर दिया गया है। अब किले के मैदान नया नाम होगा “जनरल बिपिन रावत” ग्राउंड। यह वही मैदान है जहां रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर राष्ट्र रक्षा समर्पण पर्व को जनरल बिपिन रावत ने संबोधित किया था।
दरअसल, शनिवार को नगर निगम सदन की बैठक में सदर विधायक रवि शर्मा ने झांसी के ऐतिहासिक किले के मैदान का नाम “जनरल बिपिन रावत” ग्राउंड रखे जाने का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया। अब इस मैदान को जनरल बिपिन रावत के नाम से जाना व पहचाना जाएगा।

गौरतलब है कि वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर 19 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत झांसी आए थे। उन्होंने यहां किले के मैदान में आयोजित सेना के राष्ट्र रक्षा समर्पण पर्व समारोह को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने मंच से वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की गौरव गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया था।